Home > Archived > ज्यादा टैक्स वसूलने वाले अधिकारी होंगे निलंबित-आजम

ज्यादा टैक्स वसूलने वाले अधिकारी होंगे निलंबित-आजम

फीरोजाबाद। फीरोजाबाद में गलत तरीके से लगाये गये गृहकर और जलकर को लेकर भाजपा विधायक मनीष असीजा द्वारा मामले को लगातार विधानसभा में उठाया जा रहा था, इसमें बताया था कि आगरा, कानपुर और लखनऊ में लिये जा रहे टैक्स से भी कई गुना टैक्स फीरोजाबादर नगर निगम के कर विभाग द्वारा वसूला जा रहा है। मामले में विधानसभा में मामला गरमाया। यूपी के नगर विकास मंत्री आजम खां ने मामले में गलती को स्वीकारते हुए कहा है कि कर विभाग के दोषी अधिकारियों व कर्मचारियों को निलंबित किया जायेगा।

विधानसभा में नियम 56 के तहत भाजपा विधायक मनीष असीजा के सवालों को लेकर चर्चा शुरु हुई। इसमें नगर विकास मंत्री आजम खां ने साफ कहा कि चार मार्च को इस मामले को लेकर चर्चा होनी थी, इसलिए आज इस पर पूरी बात की जायेगी। आजम खां ने रिपोर्ट रखते हुये विधानसभा में सीधे तौर पर फीरोजाबाद नगर निगम के कर विभाग के अधिकारियों को जिम्मेदार माना। उन्होंने कहा कि अफसोस की बात है कि अधिकारियों द्वारा गलत हरकत की गई है। इस गलती की सजा भी मिलेगी। कर विभाग के जो भी दोषी अधिकारी, कर्मचारी होंगे, उनको निलंबित किया जायेगा। फिलहाल जो दोषी है, उनको दिखवाया जा रहा है।

नगर निगम द्वारा अनाप शनाप लगाई गई राशि को लेकर शुरुआत से ही विरोध हो रहा था। वहीं विधानसभा में इस लड़ाई को विधायक असीजा ने जारी रखा। यही कारण रहा कि लगातार लोगों की समस्या को उठाये रखने पर आखिरकार सरकार को भी मानना पड़ गया कि गलत तरीके से आम लोगों पर जलकर और गृहकर लगाया है। विधायक असीजा ने कहा कि जिन लोगों से गलत वसूली की गई है, उनकी अधिक वसूली वाली राशि या तो लौटा दी जाए, अन्यथा उस राशि को आगे की वसूली में एडजेस्ट किया जाये। इस पर नगर विकास मंत्री ने कहा कि यह सीधी सी बात है कि जो गलत रुपये आ गये हैं, उनको आगे एडजस्ट कराया जायेगा।

नगर विकास मंत्री ने कहा कि जब तक सुधार होकर कर नियत नहीं हो जाता, तब तक किसी से कोई वसूली नहीं होगी। विधायक मनीष असीजा ने कहा कि मेरे द्वारा फीरोजाबाद की जनता पर मनमाने तरीके से लगाये गये जलकर और गृहकर को लेकर विधानसभा में लगातार लड़ाई लड़ी जा रही थी। कई अन्य महानगरों की तुलनात्मक रिपोर्ट भी दी गई थी। अब जाकर मामले मामले में सरकार ने गलती स्वीकारी है। मामले में उत्पीडऩ करने वाले दोषी कर विभाग पर निलंबन की कार्रवाई का विस में नगर विकास मंत्री द्वारा आश्वासन मिला है।

Updated : 6 March 2016 12:00 AM GMT
Next Story
Top