Home > Archived > भाजपा कार्यकताओं पर लगे मुकदमे वापस हों

भाजपा कार्यकताओं पर लगे मुकदमे वापस हों

नारी शक्ति ने भरी प्रशासन के विरुद्ध हुंकार

आगरा। विश्व हिन्दू परिषद के नेता अरुण माहौर की हत्या के बाद प्रशासन द्वारा भाजपा नेताओं पर दर्ज मुकदमों को वापस लेने व अरुण माहौर के परिजनों को न्याय दिलाने के लिए भाजपा महिला मोर्चा की सदस्यों ने गुरुवार को प्रशासन के खिलाफ हुंकार भरी।

दीवानी चौराहे स्थित भारत माता प्रतिमा के समक्ष एकत्रित हुई भाजपा महिला मोर्चा की सदस्याओं ने उप्र सरकार और जिला प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए ऐलान किया गया कि जब तक अरुण को न्याय नहीं मिलता चैन की सांस नहीं लेंगे। जरूरत पड़ी तो महिला शक्ति सड़क पर भी उतरकर प्रदर्शन करेगी। सभा को संबोधित करते पूर्व महापौर अंजुला ंिसंह माहौर ने कहा कि बसपा सुप्रीमो मायावती खुद को दलितों का मसीहा बताती हैं, लेकिन अरुण माहौर की हत्या पर वे खामोश क्यों हैं। क्या अरुण माहौर दलित नहीं था। उन्होंने कहा कि भाजपा इस पक्षपात पूर्ण राजनीति पर से नकाब उठाएगी। सभा में भाजपा पार्षद डॉ. कुंदनिका शर्मा ने कहा कि पुलिस भाजपा के कार्यकर्ताओं के घरों पर दबिश दे रही है। अगर मुझे गिरफ्तार करना है, तो सीधे आकर करे। हम तो चौराहे और सड़कों पर हैं, घर में नहीं है। भाजपा की वरिष्ठ नेता व समाजसेवी डॉ. मंजू गुप्ता ने कहा कि दादरी में अखलाक की मृत्यु पर सरकार उसे 50 लाख रूपये, मकान और नौकरी देती है लेकिन एक दलित समाज के हिन्दू की हत्या पर उसके परिजन को मात्र 15 लाख रुपये देकर मामले को दबाने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने प्रश्न किया ये कहां का न्याय है।

ये दोहरा रवैया बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।भाजपा महिला मोर्चा की नगर उपाध्यक्ष पायल सिंह ने सभा में कहा कि प्रशासन न्याय की आवाज को दबाने की कोशिश कर रहा है। प्रशासन चाहे कितने भी मुकदमे दर्ज कर ले लेकिन, न्याय की आवाज उठाने के लिए नारी शक्ति जेलों को भर देंगीं। सभा में निर्मला दीक्षित, कल्पना धाकरे, लक्ष्मी लवानियां, रचना अग्रवाल, अनीता दुबे, नूतन त्रिवेदी, शालनी गुप्ता, परवीन खान, गायत्री शुक्ला, मनोरमा देवी, दीपिका अग्रवाल, पूजा शर्मा, मोना खान आदि भाजपा महिला मार्चा की कार्यकर्ता उपस्थित रहीं। सभा का संचालन डॉ. मंजू गुप्ता ने किया।

Updated : 4 March 2016 12:00 AM GMT
Next Story
Top