Home > Archived > रंगों में सराबोर होकर निकली हुरियारों की टोलियां

रंगों में सराबोर होकर निकली हुरियारों की टोलियां

बच्चों और युवाओं में रहा उत्साह

अशोकनगर। रंग पंचमी का त्यौहार जिले भर में उल्लास पूर्वक मनाया गया। रंगों के पर्व होली के पांच दिन बाद आने वाले इस त्यौहार को लेकर युवाओं में खासा उत्साह दिखाई दिया और शहर में जमकर रंग, गुलाल उड़ाते हुए होली खेली गई। रंग पंचमी को होली त्यौहार का आखिरी दिन माना जाता है। शहर में होली से ज्यादा रंग पंचमी के दिन हुरियारों की टोलियां दिखाईं देती हैं। जो विभिन्न गली-मोहल्लों में घूमकर लोगों को रंग में सराबोर करतीं हैं।

जिले में करीला मेला के कारण इस त्यौहार का अत्याधिक महत्व है। हर वर्ष की तरह इस बार भी रंग पंचमी का नजारा अलग ही दिखाई दिया। शहर की सड़कों पर युवाओं की टोलियां ढोल, नगाड़ों के साथ घूमती हुई दिखाई दीं। कई स्थानों पर डीजे की थाप पर रंग,गुलाल उड़ाते हुए लोग झूमते नजर आए। गली-मोहल्लों में युवा टोलियां बनाकर अपने मित्रों को रंग गुलाल में सराबोर करने की फिराक में घूमते रहे। रंगों इस त्यौहार में बच्चे भी पीछे नही रहे और उन्होंने भी जमकर रंग पंचमी के त्यौहार का लुप्त उठाया।

वहीं गांधी पार्क चौराहे पर भाजयुमो द्वारा होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें भाजपाजनों ने गुलाल लगाते हुए एक दूसरे को रंग पंचमी की शुभकामनाएं दीं। इस कार्यक्रम में विधायक गोपीलाल जाटव, भाजयुमो जिलाध्यक्ष सचिन चौधरी पप्पू, पीयूष पारासर, कमल लोधी, मोनू रघुवंशी, रामकुमार शर्मा, डॉ. अशोक लोधी, कपिल रघुवंशी आदि उपस्थित थे।

Updated : 29 March 2016 12:00 AM GMT
Next Story
Top