Home > Archived > यातायात नियमों का पालन कर चलायें वाहन : एसपी

यातायात नियमों का पालन कर चलायें वाहन : एसपी

नियमों को तोडऩे वालों के खिलाफ हुई कार्यवाही
एक मोटर साइकिल सीज, 10 के हुये चालान

ललितपुर। यातायात नियमों को अनदेखा कर वाहन संचालन करने वालों के खिलाफ अब यातायात पुलिस सक्रिय हो गयी है। पुलिस अधीक्षक मोहम्मद इमरान के निर्देश पर प्रतिदिन दो पहिया, तीन पहिया व चार पहिया वाहन चैकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत नियमों को तोडऩे वालों के खिलाफ कार्यवाही अमल में लायी जा रही है। यातायात प्रभारी नीरज दीक्षित ने बीती देर शाम दो व चार पहिया वाहन चालकों के खिलाफ अभियान चलाया तो वहीं शनिवार को सुबह से यह अभियान फिर शुरू किया गया। जिसमें शनिवार को एक वाहन को सीज करते हुये 10 वाहनों के चालान किया गया।

पुलिस अधीक्षक मोहम्मद इमरान के निर्देश पर यातायात प्रभारी नीरज दीक्षित के नेतृत्व में शुक्रवार को देर शाम वाहन चालकों के खिलाफ घण्टाघर से सदरकांटा तक चैकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान चार पहिया वाहन चालकों के खिलाफ कांच पर काली फिल्म चढ़ी होने पर चालान किये गये। तो वहीं चार पहिया वाहन चालकों को सीट बैल्ट बांध कर गाड़ी चलाने के निर्देश दिये गये। वहीं शनिवार को अपराह्न समय में सदरकांटा से लेकर राजकीय बालिका इण्टर कालेज के पास तक दो पहिया वाहन चैकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान में दो पहिया व तीन पहिया वाहन चालकों के खिलाफ कार्यवाही की गयी। मौके पर जांच के दौरान एक गाड़ी कागजात न मिलने पर उसे सीज कर दिया तो वहीं 10 वाहनों के चालान किये गये। प्रभारी यातायात ने वाहन चालकों से अपील की कि वह यातायात नियमों का पालन करते हुये ही वाहन का संचालन करें।

इसके अलावा उन्होंने कहा कि 18 वर्ष की आयु के होने पर लाइसेंस बनवाकर ही वाहन चलायें। वाहन चलाते समय सभी कागज साथ में रखें, ताकि समय रहते कागज दिखाये जा सकें और असुविधाओं से बचा जा सके। उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर यह अभियान प्रतिदिन चलाया जायेगा। इस दौरान यातायात प्रभारी नीरज दीक्षित, यातायात निरीक्षक के.के.शर्मा, कां.अरविंद कुमार, सुमित कुमार सचान, रामस्वरूप आदि मौजूद रहे।

Updated : 20 March 2016 12:00 AM GMT
Next Story
Top