पत्रकारिता विभाग के छात्र-छात्राओं ने मनाई होली

झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में तीन दिन से जमकर होली खेली जा रही है। इस दौरान छात्र छात्राएं एक दूसरे को गुलाल लगाकर पूरे परिसर को रंगों में सराबोर करते हुए दिखाई दे रहे हैं। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में मनाई जा रही इस होली में हर कोई शामिल होने को आतुर दिखाई दे रहा था। वास्तव में यही होली का वास्तविक स्वरुप है।
वर्तमान में शहरों में जो होली का स्वरुप दिखाई देता है, एससे कई लोग होली के इस त्यौहार से कतराने लगे हैं। लेकिन विश्वविद्यालय परिसर में होली का जो उत्सव मनाया जा रहा है, उसमें कहीं किसी प्रकार का कोई राग द्वेष नहीं दिखाई दिया। सभी में आत्मीयता की भावना दिखाई दे रही थी। आज हुई होली के अवसर पर पत्रकारिता विभाग के छात्र भी अपने आपको रंगों में सराबोर करने से नहीं रोक सके। उन्होंने परिसर में जमकर होली खेली।
अपरिचित छात्रों को भी होली के हुरियारों ने नहीं छोड़ा। उनको भी अपने उत्सवी वातावरण में सम्मिलित कर लिया। फिर तो होली का मजा दुगना दिखाई देने लगा। होली के पावन पर्व पर अवकाश होने के कारण बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने रंग बिरंगे गुलाल के साथ होली खेल कर एकता का संदेश दिया। इस मौके पर नंदकिशोर, ऋषभ, सत्यपाल, नीरज, भरत, कैनिथ, विवेक, कुशल, मेघा, पिंकी, सौम्या, मानवी आदि मौजूद रहे।