राष्ट्रीय पक्षी मोर का जोड़ा मृत मिला
संदिग्ध हालातों में हुईं मोरों की मौत, एक जोड़ा मिला बेहोश
*वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंच कर किया मुआयना
*वनकर्मियों ने पशु चिकित्सालय में भेजे दोनों मोर
ललितपुर। ललितपुर-सागर हाई-वे के निकट स्थित कंचनघाट पर राष्ट्रीय पक्षी मोर का एक जोड़ा मृत व दूसरा जोड़ा मूर्छित अवस्था में पड़ा मिलने से सनसनी फैल गयी। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंच कर मृत मोरों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाते हुये दूसरे जोड़े को उपचार हेतु पशु चिकित्सालय भेज दिया। वन विभाग ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करने के निर्देश भी जारी कर दिये हैं। वन विभाग प्रथम दृष्टया इस मामले को विषाक्त कीटनाशक खाने से मोरों की मौत होने का मान कर चल रहा है।
गौरतलब है कि कंचनघाट स्थित मंदिर में एक मोर को संरक्षित किया गया था। उक्त मोर सोमवार की रात अचानक मूर्छित हो गयी। मोर के बेहोश होने की खबर लेकर मंदिर से लोग पशु चिकित्सालय पहुंचे तो वहां पर्चे पर दवा लिखकर कम्पाउण्डर को मौके पर भेजने की बात कही गयी। लेकिन रात भर इंतजार करने पर भी कोई कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। नतीजतन राष्ट्रीय पक्षी मोर की मौत हो गयी। सूचना मिलने पर सुबह करीब 9 बजे मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने उक्त मोर को कब्जे में लिया और आसपास देखा तो पास से गुजरी नदी में एक और मोर मृतावस्था में पड़ी पायी गयी। इसके अलावा पास में लगे खेत में एक मोर व एक मोरनी का जोड़ा भी मूर्छित अवस्था में पड़ा पाया गया। जिन्हें वन कर्मियों ने तत्काल उपचार के लिए भेज दिया।
डीएफओ वी.के. जैन ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला खेतों की फसल में डाले जाने वाले कीटनाशक को खाने से हुईं मोरों की मौत का प्रतीत हो रहा है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। मृत मोरों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि बेहोश पड़ी मोरों को उपचार के लिए पशु चिकित्सालय भेज दिया गया है।