Home > Archived > जेएनयू विवाद: देशद्रोह मामले में आशुतोष का सरेंडर, खालिद और अनिर्बन की आज फिर से पेशी

जेएनयू विवाद: देशद्रोह मामले में आशुतोष का सरेंडर, खालिद और अनिर्बन की आज फिर से पेशी

जेएनयू विवाद: देशद्रोह मामले में आशुतोष का सरेंडर, खालिद और अनिर्बन की आज फिर से पेशी
X

नई दिल्ली | जेएनयू में देश विरोधी नारेबाज़ी के आरोपी छात्रों में से एक और छात्र आशुतोष कुमार ने सरेंडर कर दिया है। इससे पहले दो छात्रों, उमर खालिद और अनिर्बन की पुलिस रिमांड आज खत्म हो रही है। सुरक्षा वजहों से इन दोनों को आज कोर्ट की बजाय पुलिस स्टेशन में ही जज के सामने पेश किया जाएगा।

कन्हैया कुमार पर पटियाला हाउस कोर्ट में हमले के बाद ऐहतियातन ऐसा किया जा रहा है। मंगलवार देर रात उमर और अनिर्बन ने पुलिस के सामने सरेंडर किया था। उसके बाद दोनों से पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर लिया गया था। पुलिस रिमांड आज खत्म हो रही है।

जानकारी के मुताबिक, जेएनयू में हुए विवादित कार्यक्रम को लेकर दोनों ही छात्रों ने अलग-अलग बयान दिए हैं। गौरतलब है कि उमर खालिद, अनिर्बन और जेएनयू छात्र संघ के अध्यक्ष कन्हैया कुमार की 9 फरवरी को जेएनयू परिसर में हुए अफजल गुरु से संबंधित कार्यक्रम में कथित भूमिका को लेकर गिरफ्तारी की गई है।

जेएनयू छात्र संघ के अध्यक्ष कन्हैया कुमार को एक दिन की पुलिस हिरासत में भेजे जाने के बाद दिल्ली पुलिस की एक टीम उसे तिहाड़ जेल से अज्ञात जगह ले गई है। कन्हैया को किस जगह ले जाया गया है उसका खुलासा किये बिना एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया ‘छात्र नेता को पूछताछ के लिए रात में साढ़े आठ बजे तिहाड़ जेल से ले जाया गया।’ कन्हैया को 12 फरवरी को गिरफ्तार किया गया था।

Updated : 27 Feb 2016 12:00 AM GMT
Next Story
Top