पाकिस्तान पहले अपना 'घर' ठीक करे : कांग्रेस

नई दिल्ली। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय मामले पर पाकिस्तान की टिप्पणी पर देश के राजनीतिक दलों ने आपत्ति दर्ज कराते हुए पाक को पहले अपना 'घर' ठीक करने की सलाह दी है।
कांग्रेस नेता मनीष तिवारी ने कहा कि इस्लामाबाद को चाहिए कि वह पहले अपने घर को व्यवस्थित करे और अपने काम से मतलब रखे। पाकिस्तान दक्षिण एशिया का सोमालिया बनने की कगार पर खडा है। उन्हें अपने देश के विषय में चिंता करनी चाहिए। उन्हें पहले अपने घर को ठीक करना चाहिए। पिछले चार दशकों में उसने केवल आतंक का निर्यात किया है।
जानकारी हो कि पाकिस्तानी विदेश विभाग के प्रवक्ता मुहम्मद नफीस जकारिया ने गुरूवार को जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में कश्मीरी छात्रों की गिरफ्तारी मामले पर टिप्पणी करते हुए कहा था कि कश्मीरी लोगों ने भारतीय संसद पर 2001 हमले में आरोपी अफजल गुरू मामले की सुनवाई को कभी स्वीकार नहीं किया।