प्रधानमंत्री का अभिनंदन करने किसान और कार्यकर्ता आज रवाना होंगे

ग्वालियर। मप्र. के सीहोर जिले के शेरपुर गांव में 18 फरवरी को प्रदेश के किसानों द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के किए जा रहे अभिनंदन समारोह में शामिल होने ग्वालियर जिले के किसान और भाजपा कार्यकर्ता बुधवार की शाम रवाना होंगे।
भाजपा जिलाध्यक्ष देवेश शर्मा ने बताया कि भारतीय जनता युवा मोर्चा, किसान मोर्चा सहित पार्टी के कई कार्यकर्ता अपने निजी वाहनों से बुधवार की शाम करीब 4 बजे तक रवाना हो जाएंगे। जबकि शहर के विभिन्न वार्डों एवं ग्रामीणों और किसानों को गांवों से लोगों को बसों में लेकर जाएंगे। उन्होंने बताया कि बुधवार की सुबह एवं दोपहर में बसों को ग्रामीण क्षेत्रों में भेज दिया जाएगा। इन बसों में किसानों को लेने के बाद शाम करीब 5-6 बजे इन्हें सीहोर के लिए रवाना किया जाएगा। इसके अलावा किसान मोर्चा के पदाधिकारी एवं कई कार्यकर्ता रेलगाडिय़ों से भी रवाना होंगे। उन्होंने बताया कि बसों में जा रहे किसानों और कार्यकर्ताओं के लिए रास्ते में भोजन के पैकेट दिए जाएंगे। इसके अलावा सीहोर में भी कार्यर्ताओं की भोजन एवं ठहरने की व्यवस्था की गई है। वापस लौटते में भी भोजन आदि व्यवस्थाएं की गई हैं। ग्वालियर से बसों के रवाना करने एवं कार्यकर्ताओं और किसानों को बैठाने की व्यवस्था भाजपा नेता दीपक शर्मा, रूपचंद्र जैन और शरद गौतम की रहेगी।
जिलाध्यक्ष ने ली बैठक
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में किसानों और कार्यकर्ताओं को अधिक से अधिक संख्या में शामिल कराने को लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष देवेश शर्मा ने मंगलवार की शाम भाजपा के संभागीय कार्यालय में विभिन्न मोर्चा संगठनों की बैठक लेकर उनकी तैयारियों की समीक्षा की। साथ ही कार्यकर्ताओं और किसानों को ले जाने की व्यवस्था की भी समीक्षा की गई।

Next Story