Home > Archived > जेएनयू विवाद: केजरीवाल ने की केंद्रीय गृह मंत्री से मुलाकात

जेएनयू विवाद: केजरीवाल ने की केंद्रीय गृह मंत्री से मुलाकात

नई दिल्ली। जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) छात्र संघ के अध्यक्ष की गिरफ्तारी एवं पटियाला हाउस कोर्ट में पत्रकारों के साथ हुई बदसलूकी के संबंध में दिल्ली पुलिस की स्थिति को लेकर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की।
दिल्ली सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि करीब 15 मिनट चली इस बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने जेएनयू में पैदा स्थिति पर चिंता जताई। मुख्यमंत्री ने सोमवार को जेएनयू छात्र संघ के अध्यक्ष कन्हैया कुमार की पटियाला हाउस कोर्ट में पेशी के दौरान पत्रकारों के साथ की गई बदसूलकी पर मूकदर्शक बनी रही दिल्ली पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठाये। प्रवक्ता के अनुसार मुख्यमंत्री ने कहा कि विवि परिसर में पुलिस को बुलाना सही नही था। यह विवाद विवि प्रशासन द्वारा सुलझाया जा सकता था।
आधिकारिक प्रवक्ता के अनुसार केन्द्रीय गृह मंत्री ने केजरीवाल को इस मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है। प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री ने गृह मंत्री से दिल्ली सरकार से जुड़े कुछ प्रशासनिक मामलों पर भी चर्चा की। जानकारी हो कि दिल्ली सरकार पहले ही जेएनयू मामले की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दे चुकी है।

Updated : 16 Feb 2016 12:00 AM GMT
Next Story
Top