प्रधानमंत्री के अभिनंदन समारोह में साठ बसों में जाएंगे सैकड़ों किसान व कार्यकर्ता

ग्वालियर। फसल बीमा योजना लागू किए जाने पर मध्यप्रदेश के किसानों द्वारा सीहौर जिले के शेरपुर गांव में 18 फरवरी को आयोजित किए जा रहे प्रधानमंत्री के नागरिक अभिनंदन समारोह में अधिक से अधिक संख्या में ग्वालियर के किसानों को शामिल कराने के लिए भाजपा किसान मोर्चा के पदाधिकारियों और शहर के मंडल अध्यक्षों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
शनिवार को भाजपा के संभागीय कार्यालय 38 रेसकोर्स रोड पर आयोजित हुई बैठक में इस कार्यक्रम के ग्वालियर-चम्बल संभाग प्रभारी विजय दुबे, संभागीय संगठन मंत्री प्रदीप जोशी, भाजपा जिलाध्यक्ष देवेश शर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों ने उपस्थित किसान मोर्चा के पदाधिकारियों एवं महानगर के मंडल अध्यक्षों को इस कार्यक्रम हेतु क्षेत्र में अधिक से अधिक मेहनत कर किसानों और कार्यकर्ताओं को जुटाने की जिम्मेदारी सौंपी। व्यवस्था प्रभारी श्री दुबे ने बैठक में बताया कि ग्वालियर से किसानों और कार्यकर्ताओं को ले जाने के लिए पार्टी द्वारा महानगर में 60 बसों की व्यवस्था की गई है। प्रत्येक वार्ड में एक बस पहुंचाई जाएगी, जिसमें बैठकर कार्यकर्ता और किसान रवाना होंगे। इसके अलावा रेलों के माध्यम से भी कार्यकर्ता और किसानों को सीहौर रवाना किया जाएगा। कुछ कार्यकर्ता अपने निजी वाहनों से भी सीहौर रवाना होंगे। किसान मोर्चा के पदाधिकारियों को गांवों से बसों एवं रेलगाड़ी तक किसानों को पहुंचाने और सीहौर के शेरपुर गांव में कार्यक्रम स्थल तक व्यवस्थित ले जाने, उनकी भोजन सहित अन्य व्यवस्था करने और उन्हें व्यवस्थित रूप से वापस लाकर उनके घर तक छोडऩे की जिम्मेदारियां सौंपी गईं। बैठक का संचालन दीपक शर्मा ने एवं आभार प्रदर्शन भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष अरविंद कटारे ने किया।
मोर्चा संगठनों की बैठकें आज
प्रधानमंत्री के नागरिक अभिनंदन में अधिक से अधिक संख्या में कार्यकर्ताओं को शामिल कराने भाजपा के संभागीय कार्यालय 38 रेसकोर्स रोड पर 14 फरवरी रविवार को भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा की बैठक पूर्वान्ह 11 बजे, पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ की बैठक दोपहर 12 बजे एवं भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं की बैठक दोपहर एक बजे आयोजित की गई है। युवा मोर्चा की बैठक में आगामी 5 व 6 मार्च को मथुरा उत्तरप्रदेश में होने वाले भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अधिवेशन को लेकर भी चर्चा की जाएगी।