पंचायत सचिव भी 23 से तालाबंद हड़ताल पर

हड़ताल चौथे दिन भी जारी, पंचायत सचिवों ने दिया समर्थन

पोहरी। मनरेगा अधिकारी कर्मचारी संगठन पिछले 8 फरवरी से जनपद कार्यालय के बाहर धरना देकर हड़ताल पर बैठे हैं। इनकी हड़ताल आज चौथे दिन भी जारी रही। मनरेगा कर्मियों को पंचायत सचिव संघ ने भी अपना समर्थन दे दिया है एवं संघ 23 फरवरी से पंचायत कार्यालयों की तालाबंदी कर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे।
पंचायत सचिव संगठन के पोहरी ब्लाक अध्यक्ष मलखन सिंह बघेल ने जानकारी देते हुये बताया कि 2013 में मुख्मंत्री की घोषणा के बाद भी वेतनमान, अंशदायी पेंशन, पदोन्नति के आदेश 32 माह के बाद भी अमल नहीं किए गए जिसके कारण संगठन को अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का निर्णय लेना पडा। पंचायत सचिवों की आठ सूत्रीय मांगों के संबंध में पिछले काफी समय से महज घोषणाएं होती रही हैं जिसके बाद भी अभी तक अमल नहीं किया गया है। यह पंचायत सचिवों के साथ अन्याय है, यदि सात दिनों तक भी हमारी मांगों को पूरा नहीं किया गया तो 29 फरवरी को भोपाल जाकर प्रदेश सरकार को पंचायत की चाबियां सौंप देंगे। मध्यप्रदेश पंचायत सचिव संगठन ने पूरे प्रदेशभर में हड़ताल करने का निर्णय लिया है। ब्लॉक अध्यक्ष ने बताया कि मनरेगा के अधिकारी-कर्मचारी एवं रोजगार सहायकों की पिछले चार दिन से जारी हड़ताल को संचव संगठन द्वारा पूर्ण समर्थन दिया जा रहा है।
पंचायतों के कार्य होंगे प्रभावित
मनरेगा रोजगार सहायकों की हड़ताल से पूर्व से ही पंचायत के कार्यों पर असर दिखने लगा है ऐसे में पंचायत सचिव भी हड़ताल पर चले जाएंगे तो पंचायत में जारी निर्माण कार्य के साथ ही मनरेगा, पंचपरमेश्वर, पेंशन आदि कार्य प्रभावित होंगे।
हड़ताल के संबंध में सरकार ही निर्णय करेगी, मनरेगा कर्मियों की हड़ताल के दौरान का वेतन काटा जाएगा, एक फरवरी को भोपाल में प्रदर्शन करने के दिन का वेतन काटने के निर्देश आ चुके हैं।
अशोक शर्मा, सीईओ जपं पोहरी

Next Story