Home > Archived > जेएनयू के खिलाफ आगरा के छात्रों में आक्रोश

जेएनयू के खिलाफ आगरा के छात्रों में आक्रोश

अभाविप के प्रांत प्रमुख ने जेएनयू को बताया कम्युनिस्टों का अड्डा

आगरा। जवाहर लाल नेहरू यूनिवर्सिटी (जेएनयू) में छात्रों द्वारा लगाए गए पाकिस्तान और आतंकवाद समर्थक नारों को लेकर पूरे देश में विरोध शुरू हो गया है। जेएनयू छात्रों की खिलाफत में आगरा के छात्रों ने भी विरोधी स्वर बुलंद कर दिए। छात्रों का एक सवाल है कि इस विश्वविद्यालय का संचालन बंद नहीं किया गया तो यहां से आतंकवाद नस्लें ही तैयार होकर निकलेंगी। अभिव्यक्ति की ऐसी आजादी किस काम की, जो देशद्रोही बना दे। आगरा के छात्रों ने जेएनयू को बंद करने की मांग की है।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रांत प्रमुख आशीष चौधरी ने बताया कि जेएनयू कम्युनिस्टों का अड्डा बन चुका है। वहां यदि किसी को पता चल जाए कि एडमीशन लेने वाले स्टूडेंट के अंदर राष्ट्र प्रेम है, तो उसका जीना दुश्वार हो जाता है। नियम के अनुसार जेएनयू को दी जाने वाली सभी सुविधाएं समाप्त कर देनी चाहिए। आशीष शास्त्री ने बताया कि जिन छात्रों द्वारा राष्ट्र विरोधी गतिविधियों का समर्थन किया जाता है और उनकी राष्ट्र विरोधी कार्यों में संलिप्तता रहती है, तो उन्हें तत्काल निष्कासित किया जाए। जहां हमारे देश का सम्मान नहीं, वहां ऐसे विश्वविद्यालय की कोई आवश्यकता नहीं है। जेएनयू को बंद कर देना चाहिए।
भाजपा आईटी प्रकोष्ठ के महानगर संयोजक विजय भदौरिया का कहना है कि ये घटना इस बात की का संकेत देती है कि कथित सैक्यूलर वादी नेताओं की बयानबाजी से इस तरह की मानसिकता पनपती है और इससे प्रेरित होकर छात्रों ने इस तरह का कदम उठाया है। इनके खिलाफ कड़ी कार्यवाही होनी चाहिए।
सपा के सुधीर राघव का कहना है कि जेएनयू में जितने भी छात्र देश के विरोध में बोलते हैं, उन्हें निष्कासित कर जेल में डाल देना चाहिए। एनएसयूआई (भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन) के राष्ट्रीय सचिव अमित सिंह का कहना है कि हाईकोर्ट के फैसले का सम्मान सभी को करना चाहिए।
इस तरह की जो बातें हो रही हैं, वो देश और शिक्षण संस्थानों का माहौल खराब करने का काम है। जिलाध्यक्ष दीपक शर्मा ने कहा कि जब हमारे देश की न्यायपालिका द्वारा कोई फैसला लिया गया, तो उसके खिलाफ जाने की हिम्मत किसी की नहीं होनी चाहिए। फिर यहां तो समर्थन हो रहा है आतंकवादियों का। आतंकवादियों का समर्थन करने वाले भी आतंकवादी हैं, उन्हें जेल में डाल देना चाहिए।

Updated : 12 Feb 2016 12:00 AM GMT
Next Story
Top