पेयजल: राजघाट से जुड़ेंगे सभी गांव

पूर्व विधायक ने दी वृह्द योजना की जानकारी
अशोकनगर।जिले में पेयजल समस्या के लिए एक वृहद योजना तैयार की गई है। जिसमें जिले के सभी गांव राजघाट डेम और कोंचा डेम से जुड़ेंगे। इस प्रस्तावित योजना की प्रशासकीय स्वीकृति भी हो गई है। प्रारंभिक तौर पर सर्वे कार्य की टेण्डर प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। आने वाले वर्षों में इस योजना से सभी गांव लाभान्वित होंगे। रविवार को पूर्व विधायक देशराज सिंह यादव ने उक्त योजना की जानकारी पत्रकारों को दी। विश्राम गृह में उपस्थित पत्रकारों के बीच श्री यादव ने बताया कि राजघाट डेम और कोंचाडेम से आगामी वर्षों में जिले के सभी गांवों में पेयजल योजना शुरू होगी। इस योजना के तहत राजघाट डेम से करीब 900 गांव और कोंचा डेंम से 53 गांव जोड़े जाएंगे। इस कार्य के लिए राजघाट डेम पर 309 करोड़ रुपये और कोंचा डेम पर 59 करोड़ रुपये की अनुमानित राशि खर्च होगी। पेयजल के लिए राजघाट डेम से 40 हजार घनमैट्रिक पानी जिलेवासियों को मिलेगा। श्री यादव ने बताया कि इससे पहले प्रस्तावित 105 गांव की योजना को भी इसी योजना में सम्मिलित कर लिया गया है। यह प्रस्तावित योजना जिले की चंदेरी, मुंगावली और पिपरई तहसीलों के गांवों के लिए तैयार की गई थी।
84 गांवों के लिए भी बनी सिंचाई योजना:
श्री यादव ने बताया कि नर्वदा-क्षिप्रा लिंक परियोजना की तर्ज पर राजघाट डेम से एक सिंचाई परियोजना भी शुरू होगी। इस परियोजना के शुरू होने के बाद मुंगावली-चंदेरी तहसील के 84 गांव लाभान्वित होंगे। अभी प्रारंभिक तौर पर इस योजना के लिए 382 करोड़ रुपये की राशि की प्रशासकीय स्वीकृति प्रस्तावित है। उन्होंने बताया कि वर्ष 1971 में बेतवा रिवर बोर्ड के बटवारे में राजघाट डेम से 40 प्रतिशत पानी जिले के हिस्से में खर्च किया जाना है। तब से अब इस पानी के उपयोग के लिए योजना तैयार की गई है। जिसमें राजघाट डेम से अण्डरग्राउण्ड नहर आएगी जो चंदेरी तहसील के ग्राम नावनी में ओपन नहर के रूप में शुरू होगी। वहीं ओर नदी पर बन रहे डेम में उक्त नहर का पानी पहुंचेगा। जिससे चंदेरी तहसील के 20 गांव और मुंगावली तहसील के 64 गांव की भूमि सिंचित हो सकेगी।
एफओबी में जनता दानामेंट लगा दे:
पत्रकारों से चर्चा करते हुए पूर्व विधायक ने कहा कि उक्त योजनाओं की जानकारी इस लिए दी है कि बाद में लोग चोरी कर लेते हैं। उन्होंने यहां प्रत्यक्ष रूप से किसी का नाम न लेते हुए उक्त बात कही। भाजपा जिलाध्यक्ष की घोषणा पर पर बताया कि पार्टी में कोई विरोध नहीं है। हमने तो दोहरी मानसिकता वाले लोगों की बात संगठन में कही थी। शहर के विकास व अन्य विषयों पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि फुट ओव्हर ब्रिज का हमने पहले भी विरोध किया था। उस समय सर्व दलीय बैठक बुलाकर इसका विरोध किया था। अब तो जनता ही एफओबी में दानामेंट लगा दे। ब्रिज बनने से शहर का बाजार पुरानी शिवपुरी की तरह हो जाएगा। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपाजन उपस्थित थे।
थोक में बने जिपं अध्यक्ष प्रतिनिधि:
सांसद-विधायक प्रतिनिधि की तर्ज पर अब जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती बाई साहब यादव ने अपने प्रतिनिधि नियुक्त किए हैं। रविवार को पूर्व विधायक देशराज सिंह यादव ने नियुक्त जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। उन्होंने इस दौरान घोषित अध्यक्षों की जिम्मेदारी व दायरों को पत्रकारों के समक्ष बताया। अब तक जिला पंचायत में 22 प्रतिनिधि नियुक्त किए जा चुके हैं। रविवार इन प्रतिनिधियों की दूसरी खेप जारी की गई। जिसमें रामराजा सिंह यादव अमरौद को लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, बब्लू यादव धतुरिया राजस्व, गजराम सिंह दांगी पंवारगढ़ पशु पालन, अवतार सिंह संधु सिंघाड़ा ग्रामीण विकास, वीरेन्द्र रघुवंशी कनारी खनिज संसाधन, प्रकाश यादव मुंगावली महिला एवं बाल विकास, आशीष मालवीय सामाजिक न्याय, रमेश लोधी भटोली मछली पालन, रामबाबू यादव राजतला कृषि, अशोक पाटनी आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति, डॉ. अशोक लोधी स्वास्थ्य सेवाएं, संतोष शर्मा छीरखेड़ा चिकित्सा शिक्षा शामिल हैं। इससे पहले जारी हुई पहली खेप में 10 प्रतिनिधि बनाए गए थे। श्री यादव ने कहा कि जिला पंचायत में 23 विभाग हैं। अभी और प्रतिनिधि भी बनाए जाना है।