Home > Archived > युवा जल व पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आएंं

युवा जल व पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आएंं

मुख्यमंत्री इंदौर में अभाविप के सम्मेलन में हुए शामिल

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने युवाओं का आव्हान किया है कि वे जल एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आएं और समाज और सरकार के कार्य में सहयोग करें। श्री चौहान सोमवार को इंदौर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय अधिवेशन को संबोधित कर रहे थे।

श्री चौहान ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिये देश का सबसे बड़ा महा-अभियान नमामि देवी नर्मदे -सेवा यात्रा राज्य सरकार ने शुरू किया है। उन्होंने कहा कि इसके जरिए प्रदेश की जीवन-रेखा नर्मदा नदी के पानी को न केवल शुद्ध बनाया जायेगा, बल्कि इसके संरक्षण के लिये तटों के दोनों ओर पौधे भी लगाये जायेंगे। उन्होंने युवाओं से कहा कि वे इस यात्रा में सक्रिय भागीदारी निभाएंं। उन्होंने कहा कि यह अभियान धार्मिक, सांस्कृतिक, सामाजिक और आर्थिक अभियान है। इसके सफल होने से प्राकृतिक आपदाओं से बचने के साथ ही लोगों के जीवन और पर्यावरण में सुधार आयेगा। श्री चौहान ने कहा कि अच्छे संगठन में काम करने से नेतृत्व क्षमता विकसित होती है। साथ ही जीवन में नियोजन, शुचिता और अनुशासन सीखने को मिलता है। उन्होंने अपने छात्र जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि

संघर्ष से जीवन में बहुत कुछ सीखा जा सकता है।
कार्यक्रम के अध्यक्ष राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह श्री सुरेश जी सोनी ने कहा कि सामाजिक क्षेत्र की अनुभूति से समस्याओं का समाधान आसानी से किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि आज जो नेतृत्व देश को मिला है, उससे विश्व में मान-सम्मान और आदर बढ़ा है। कार्यक्रम को सुनील आम्बेकर और शशिरंजन अकेला ने भी संबोधित किया।

जबलपुर पहुंची नर्मदा यात्रा
नमामि देवी नर्मदे सेवा यात्रा सोमवार को जबलपुर जिले के सालीवाड़ा गांव में प्रवेश करने पर भव्य स्वागत किया गया। सिवनी जिले के प्रभारी मंत्री शरद जैन ने जबलपुर जिले के प्रभारी डॉ. गौरीशंकर शेजवार को पूजन के बाद यात्रा ध्वज सौंपा। यात्रा के साथ चल रहे संत अखिलेशानंद जी, साध्वी योगमाया, पूर्व मंत्री देवी सिंह सैयाम, विधायक प्रतिभा सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे। सेवा यात्रा एक जनवरी, 2017 तक जबलपुर जिले में रहने के बाद 2 जनवरी, को नरसिंहपुर जिले में प्रवेश करेगी।इस बीच वन मंत्री डॉ. गौरीशंकर शेजवार ने कहा कि नर्मदा सेवा यात्रा बहुत बड़े लक्ष्य को लेकर की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने युवा मोर्चा के डिजिटल रथ को दी हरी झंडी
मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान एवं भाजयुवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अभिलाष पाण्डेय ने सोमवार को इंदौर में यूथ फॉर डिजिटल अभियान को सफल बनाने और कैशलेश लेन देन के प्रति जागरूकता के लिए मोर्चा के डिजिटल रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।


Updated : 27 Dec 2016 12:00 AM GMT
Next Story
Top