Home > Archived > जन्म कल्याण चतुर्विध यात्रा में झूमे जैन अनुयाई

जन्म कल्याण चतुर्विध यात्रा में झूमे जैन अनुयाई

श्रावक-श्राविकाएं और बच्चे रहे आकर्षण का केन्द्र

आगरा। जैन तीर्थंकर पाश्र्वनाथ जन्म कल्याण पर प्रथमवार निकली चतुर्विध यात्रा ने शहर की राहों को धर्मप्रद बना दिया। भजनों पर झूमते श्रावक-श्राविकाएं और बच्चे आकर्षण का केंद्र बने रहे। यात्रा का कई स्थानों पर स्वागत-सत्कार हुआ।

इस मौके पर प्रवचन व पदयात्रा करते हुए गुजरात से पधारे गणि धैर्य सुंदर विजय ने कहा, नि:स्वार्थ भाव से किया गया पुण्य कार्य कभी निष्फल नहीं होता। वे शुक्रवार को भगवान पाश्र्वनाथ के जन्म कल्याण के उपलक्ष्य में श्री चिंतामणि पाश्र्वनाथ जैन मंदिर से आयोजित चतुर्विध संघ यात्रा और जैन दादाबाड़ी शाहगंज में आयोजित धर्मसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा, परमात्मा का जन्म दिन हर साल आता है, हमें सोचना चाहिए कि प्रभु ने इस धरा पर जन्म क्यों लिया। भगवान ने जगत के कल्याण के लिए जन्म लिया, इसलिए हमें उनके बताए मार्ग का अनुसरण करना चाहिए, तभी हमारा और जगत का कल्याण होगा। प्रेम और परोपकार यदि हमारे जीवन में होगा। इससे पहले रोशन मुहल्ला श्री चिंतामणि पाश्र्र्वनाथ जैन मंदिर का नजारा श्रद्धा और उल्लास से भरा हुआ था। यहां श्वेताम्बर जैन समाज द्वारा चतुर्विध संघयात्रा का आयोजन 23 वें तीर्थकर पाश्र्वनाथ भगवान के जन्म कल्याण के उपलक्ष्य में किया गया। यात्रा का शुभारंभ संघ अध्यक्ष अशोक जैन सीए, पूर्व सांसद निहाल सिंह जैन ने संयुक्त रूप से किया। यात्रा में साधु मंडल गणिवर धैर्य सुंदर विजय, निर्मोह सुंदर विजय, साध्वी मंडल में साध्वी सुभद्रा, बसुधंरा आदि के साथ जैन समाज के श्रावक-श्राविकाएं और बच्चे भी थे।

बैंडवादकों ने माहौल को बनाया धार्मिक
बैंडवादकों की धुन पर झूमते हुए अनुयायी माहौल को धार्मिक बना रहे थे। विजेंद्र लोढा, महेन्द्र कुमार जैन के भजनों ने समां बांधा। संघ यात्रा रोशन मुहल्ला से जौहरी बाजार होकर मोती कटरा स्थित श्री गौडी पाश्र्वनाथ श्वेताम्बर जैन मंदिर पहुंची, जहां पूजा- अर्चना हुई। जैन भवन पर संघयात्रा की ट्रस्ट अध्यक्ष सुमेर चंद जैन और अन्य पदाधिकारियों ने आगवानी की। यहां भी गणि धैर्य विजय सुंदर ने प्रवचन दिए। यहां से यात्रा साकेत कॉलोनी में नरेंद्र सिंह लोढा के यहां पहुंची, जहां स्वागत के बाद यात्रा दादाबाड़ी पहुंची। यात्रा में संघ अध्यक्ष अशोक जैन सीए, पूर्व सांसद निहाल सिंह जैन, नरेंद्र सिंह लोढ़ा, वीरचंद गादिया, मानक चंद बरडिया, अशोक लालवानी, राजकुमार जैन, संदेश जैन, नवनीत आदि साथ रहे।

धर्म प्रेमी संदेश का किया विमोचन
जैन दादाबाड़ी शाहगंज में चतुर्विध संघ यात्रा की आगवानी दादाबाड़ी ट्रस्ट अध्यक्ष उत्तम चंद चौरडिया, कमल चंद बौहरा, सुनील जैन, प्रेमचंद जैन आदि ने की। इस दौरान अरविंद चौरडिय़ा, राजीव पाटनी, विनीत गोलेछा, मुकेश भुरूट, सोनिया जैन, शांता जैन आदि मौजूद रहे। यहां गणि धैर्य विजय सुंदर द्वारा लिखित पुस्तक धर्म प्रेमी संदेश का विमोचन हुआ।

Updated : 24 Dec 2016 12:00 AM GMT
Next Story
Top