Home > Archived > नजीब जंग से मिले केजरीवाल, कहा- खट्टा-मीठा तो जिंदगी में चलता रहता है

नजीब जंग से मिले केजरीवाल, कहा- खट्टा-मीठा तो जिंदगी में चलता रहता है

नजीब जंग से मिले केजरीवाल, कहा- खट्टा-मीठा तो जिंदगी में चलता रहता है
X

नई दिल्ली| दिल्ली के उप राज्यपाल पद से नजीब जंग के इस्तीफे के एक दिन बाद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने यहां राजभवन में उनसे मुलाकात की। केजरीवाल सुबह तकरीबन आठ बजे उप राज्यपाल के सरकारी आवास पर पहुंचे और करीब एक घंटे तक उनकी मुलाकात चली।

जंग के इस्तीफा के बारे में पूछे जाने पर केजरीवाल ने कहा, ‘उन्होंने व्यक्तिगत कारणों से इस्तीफा दिया। खट्टा-मीठा तो जिंदगी में चलता रहा है।’ जंग के अचानक इस्तीफे के बारे में कोई विस्तृत जानकारी दिए बगैर उप राज्यपाल के कार्यालय ने कल कहा था, ‘वह शिक्षण की ओर लौटना चाहते हैं।’जंग के निर्णय को राजनीतिक गलियारों में अचरज के रूप में देखा गया। उनके करीबी सूत्रों ने कल कहा था कि आप सरकार के साथ अधिकार को लेकर अपने कटु रिश्ते के कारण उन्होंने इस्तीफा नहीं दिया है और वह पिछले कुछ महीनों से पद छोड़ने पर विचार कर रहे थे।

कल जब जंग की इस्तीफे की खबर सामने आयी उस समय मुख्यमंत्री रांची में थे। केजरीवाल ने ट्वीट किया था, ‘श्री जंग के इस्तीफे से मैं अचरज में हूं। उनके भविष्य की योजनाओं के लिए मेरी शुभकामनाएं।’ केजरीवाल का नोटबंदी पर दोपहर में जयपुर में एक रैली को संबोधित करने का कार्यक्रम है।

दिल्ली के उप राज्यपाल नजीब जंग ने चौंकाने वाला कदम उठाते हुए कल अचानक अपने पद से इस्तीफा दे दिया जिसके साथ ही उनके करीब साढ़े तीन साल के उस कार्यकाल का पटाक्षेप हो गया जिसमें आप सरकार के साथ अधिकांश मौकों पर उनके टकराव हुए। उनके इस्तीफे के बाद ऐसी अटकलों को बल मिला है कि उनसे पद छोड़ने के लिए कहा गया था। पूर्व आईएएस अधिकारी नजीब जंग ने जुलाई, 2013 में उप राज्यपाल का पदभार संभाला था।

जंग 1973 बैच के आईएएस अधिकारी रहे हैं। उन्होंने नौ जुलाई, 2013 को दिल्ली के 19वें उप राज्यपाल के तौर पर कार्यभार संभाला था। इससे पहले वह जामिया मिलिया इस्लामिया के कुलपति की भूमिका का निर्वहन कर रहे थे। दिल्ली में 14 फरवरी, 2014 को केजरीवाल सरकार के इस्तीफा देने के बाद जंग ने करीब एक साल तक दिल्ली का प्रशासन चलाया।

Updated : 23 Dec 2016 12:00 AM GMT
Next Story
Top