प्रदेश के युवाओं पर नहीं पड़ा केजरीवाल की अपील का असर

भोपाल। दिल्ली में सरकार बनाने के बाद आम आदमी पार्टी (आआप) ने पंजाब और गोवा में नजरें टिका दी है। इसके लिए पार्टी संयोजक व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल खूब प्रचार-प्रसार कर रहे हैं। वे कभी पंजाब में नजर आते हैं तो कभी गोवा। लेकिन 20 दिसंबर को उनकी भोपाल में होने वाली रैली से पहले जिस तरह सोशल मीडिया में पार्टी के लिए चंदे की चर्चा है उसे स्थानीय युवाओं ने एक तरह से खारिज कर दिया है।
दरअसल, प्रदेश में आआप का न तो संगठन है और न ही कार्यकर्ता। पता नहीं फिर किस आधार पर केजरीवाल मध्य प्रदेश में आस लगा रहे हैं। आस तो उन्होंने लोकसभा में भी लगाई थी। पर क्या हुआ? जमानत भी नहीं बचा पाए। पंजाब में तो चलो उनकी पार्टी के चार सांसद हैं, लेकिन मध्य प्रदेश में दूर-दूर तक उनकी संभावना नजर नहीं आती। अब कहा जा रहा है कि वह मध्य प्रदेश में कार्यकर्ताओं की नई टीम बनाने जा रहे है जिसके लिए चंदा उगाएंगे। चंदा से एक तो धन आएगा दूसरे, कार्यकर्ता मिलेंगे सो अलग। दिल्ली में बैठे कार्यकर्ता मध्य प्रदेश के बारे में सोशल मीडिया पर अभियान चला रहे हैं। चर्चा है कि भोपाल में युवा वर्ग को तरजीह देते हुए एक संगठन खड़ा किया जाएगा जो शिवराज सरकार के कामकाज का लेखा-जोखा जनता के बीच ले जाएगा।
फिलहाल सोशल मीडिया में स्थानीय युवा वर्ग ने केजरीवाल की अपील को नकारते हुए उनसे बचने की सलाह दी है।
उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश में तकरीबन साढ़े पांच करोड़ मतदाता हैं । इनमेंं से आधे से भी ज्यादा कांगे्रस और भाजपा का पारंपरिक वोट बैंक है। आआप की ही यदि बात की जाए तो पूरे प्रदेश में मौजूद 60 हजार से भी ज्यादा बूथों के सापेक्ष पार्टी के पास महज 5-6 हजार कार्यकर्ता ही हैं। ऐसे में पार्टी अपना जनाधार और फंड की भी समस्या से जूझ रही है।
हालात दिल्ली में भी अच्छे नहंी हैं। कैंपेन के संयोजक मुकेश उपाध्याय नाम के एक युवा का कहना है कि फंड रेजिंग का मेरा ये पहला अनुभव है। फंड रेजिंग के लिए सोमवार रात से ही कैंपेन चालू की गई। जब उनसे पूछा गया कि क्या पार्टी की मध्यप्रदेश इकाई को दिल्ली से भी फंड मिलता है। इस पर उन्होंने कहा कि दिल्ली की हालत बहुत खराब है।
बैलून से दे रहे जानकारी
भोपाल के छोला दशहरा मैदान में होने वाली अरविंद केजरीवाल की परिवर्तन रैली के लिए जनता को आकर्षित करने के लिए आम आदमी पार्टी रोज नए अभियान चला रही है। इसी सिलसिले में दो दिन पूर्व ही आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने ज्योति टाकीज चौराहे पर गुब्बारे हवा में छोड़े। इन गुब्बारों में अरविंद केजरीवाल की 20 दिसंबर की रैली के पोस्टर बंधे हुए थे।