Home > Archived > भाजपा की लोकप्रियता से घबराये सभी दल-स्वाति

भाजपा की लोकप्रियता से घबराये सभी दल-स्वाति

प्रदेश में महागठबंधन की तैयारी है इसका प्रमाण


मथुरा। उत्तर प्रदेश में चल रहे महागठबंधन के प्रयास से स्पष्ट है कि सभी दल भाजपा की बढ़ती लोकप्रियता से घबराये हुए हैं।

यहां पहुंची भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती स्वाति सिंह ने मीडिया से मुखातिब होने पर यह विचार व्यक्त किये। भ्रमण के दौरान यहां पहुंची श्री सिंह ने इससे पूर्व ठा. द्वारिकाधीश के दर्शन किए। पत्रकारों से उन्होंने कहा कि अभी पार्टी द्वारा बूथ को लेकर उच्च स्तर के सम्मेलनों के आयोजन और बैठकें की जा रही है। उन्हीं सम्मेलनों में पार्टी के वरिष्ठ नेतागण कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी तय कर रहे हैं। उन्हें अभी तक चुनाव को लेकर कोई जिम्मेदारी नहीं मिली है। लेकिन महिला मोर्चा की प्रदेशाध्यक्ष होने के नाते महिलाओं को पार्टी की नीति-रीति से अवगत कराते हुए महिलाओं के सशक्तीकरण की पार्टी की भावना से बखूबी अवगत कराकर जोड़ा जा रहा है। उनके प्रदेशाध्यक्ष बनने के बाद भारी संख्या में महिलाओं ने सदस्यता ग्रहण की है।

सर्जिकल स्ट्राइक पर विपक्ष द्वारा सबूत मांगे जाने को लेकर उन्होंने कहा कि जहां विदेशों में इस तरह की कार्यवाही करने के दौरान किसी तरह के मीडिया हस्तक्षेप पर पाबंदी होती है वहीं विपक्ष ने सर्जीकल स्ट्राइक को मजाक बना रखा है। सीमा पर होने वाली सैनिकों की शहादत पर उन्होंने कहा कि भारतीय सेना दुश्मन को मुंहतोड़ जबाव दे रही है। पूर्व में बसपा सुप्रीमो को चैलेंज देने के बयान को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि वह आज भी अपने बयान पर कायम है। मायावती किसी भी सामान्य सीट पर उनसे मुकाबला कर सकती है। सपा-कांग्रेस के होने वाले गठबंधन को लेकर उन्होंने कहा कि इससे स्पष्ट है कि ये दोनों पार्टियां भाजपा की संभावित जीत से डरी हुई है। पत्रकार वार्ता के दौरान महिला विंग की सदस्यों ने उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। पत्रकार वार्ता में जिलाध्यक्ष ठा. तेजवीर सिंह, महामंत्री सिद्वार्थ लोधी, राजेश सिंह पिंटू, मीडिया प्रभारी प्रदीप गोस्वामी मौजूद थे।

Updated : 8 Nov 2016 12:00 AM GMT
Next Story
Top