राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ    के प्रचारक की पिटाई के मामले में एएसपी निलंबित

-गृहमंत्री ने दी जानकारी
-प्रदेश कार्य समिति में भी गूंजा मामला
बालाघाट में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक सुरेश यादव को पुलिस तथा एक वर्ग विशेष से जुड़े गुंडा तत्वों द्वारा पीटे जाने का मामला आज भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में भी उठा। चर्चा के दौरान कुछ सदस्यों ने इस विषय को उठाया। इस पर प्रदेशाध्यक्ष नंदकुमार चौहान ने वहां उपस्थित प्रदेश के गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह से इस मामले में की गई कार्रवाई से सदस्यों को अवगत कराने की बात कही। गृहमंत्री ने कहा कि घटना बेहद निंदनीय है तथा इस मामले में दोषी लोगों व पुलिस अधिकारियों के खिलाफ सरकार गंभीर है। उन्होंने जानकारी दी कि आज एडीशनल एसपी राजेश शर्मा को निलंबित कर दिया गया है साथ ही आठ अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। उन्हें गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। चर्चा के दौरान गृहमंत्री ने कहा उन्होंने इस बात के भी निर्देश दिए हैं कि पूरे प्रदेश में थाना स्तर पर समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय लोगों की जानकारी उनके प्रमुख आदि के बारे में एकत्र की जाए तथा इनके साथ बैठक भी आहूत की जाए। उन्होंने कहा कि ऐसा इसलिए किया जा रहा है क्योंकि मारपीट के मामले में यह बात भी सामने आ रही है कि पुलिस उन्हें पहचानती नहीं थी।
जांच दल जाएगा बालाघाट: उधर इस मामले पर गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह ने स्वदेश से भी विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का प्रचारक हो अथवा एक सामान्य व्यक्ति यह कतई बर्दाश्त नहीं किया जा सकता कि पुलिस कानून को हाथ में लेकर घर के भीतर घुसकर मारपीट करे। यह मामला बहुत निंदनीय है। उन्होंने कहा कि मैंने स्वयं अस्पताल जाकर घायल सुरेश जी के हालचाल की जानकारी ली है। गृहमंत्री ने कहा कि इस मामले की जांच के लिए एक विशेष दल भोपाल से बालाघाट भेजा जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस मामले में आरोपी पुलिस कर्मियों सहित अन्य लोगों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। उल्लेखनीय है कि तीन दिन पूर्व बालाघाट में एक व्हाट्सएप पोस्ट को लेकर बेहर थाना प्रभारी जिया उलहक तथा एक वर्ग विशेष से जुड़े गुंडा तत्वों ने सुरेश जी के साथ जमकर मारपीट की थी। उस समय एएसपी भी वहां मौजूद थे। बाद में सुरेश जी को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
अक्षम्य अपराध: विजयवर्गीय
भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने प्रदेश की नौकरशाही को निरंकुश करार देते हुए अपने एक ट्वीट में लिखा कि नौकरशाही की इतनी हिम्मत, प्रचारक की पिटाई अक्षम्य अपराध है। मन में बहुत आक्रोश है। क्या हमारी सरकार में नौकरशाही की इतनी हिम्मत भी हो सकती है।
*****
Next Story