पीडीएस दुकानों पर 100 रु किलो मिलेगी दाल

पीडीएस दुकानों पर 100 रु किलो मिलेगी दाल
भोपाल। राजधानी की नगर निगम सीमा में स्थित पीडीएस दुकानों पर सस्ती दाल उपलब्ध कराई जाएगी। हर व्यक्ति को 100 रुपए किलो के हिसाब से 500-500 ग्राम के पैकेट में दी जाएगी। नागरिक आपूर्ति निगम ने इसके आदेश जारी कर दिए हैं। संभावना है कि 10 तारीख के बाद इसका वितरण शुरू हो जाएगा।
खाद्य विभाग ने दाल की जांच कर बेचने की हिदायत दुकानदारों को दी है। इसकी जिम्मेदारी जिला आपूर्ति खाद्य अधिकारियों को दी गई है। पिछले छह महीने से इसकी प्रक्रिया चल रही थी। नगर निगम सीमा की 274 पीडीएस दुकानों पर यह दाल कम कीमत में लोगों के लिए उपलब्ध कराई जाएगी। इसका फायदा एक लाख 65 हजार लोगों को मिलेगा। जिला आपूर्ति अधिकारी ज्योति शाह नरवरिया का कहना है कि पीडीएस दुकानों पर लोगों को सस्ती तुअर दाल देने के लिए 11 हजार 80 क्विटंल दाल का स्टॉक जारी कर दिया गया है। पैकेज्ड दाल की जांच कर उपभोक्ताओं को देने की हिदायत दी गई है।
बढ़ रहे हैं चना दाल के दाम
त्योहारी सीजन में बढ़ी मांग के चलते चने की दाल के दामों में भारी तेजी आ रही है। एक महीने में चना दाल 20 रुपए प्रतिकिलो तक महंगी हो चुकी है। थोक बाजार में मंगलवार को चना दाल 120 रुपए किलो तक पहुंच गई। यह पिछले माह 4 सितंबर को 100 रुपए थी। इसकी तुलना में तुअर दाल थोक बाजार में 117 रुपए किलो बिकी।
40 साल में पहली बार हुआ ऐसा
मप्र दाल-चावल एसोसिएशन के अध्यक्ष मोतीराम वाधवानी कहते हैं कि 40 साल में पहली बार चना दाल तुअर दाल से महंगी है। हालांकि फुटकर बाजारों में अभी भी तुअर दाल के ही दाम ज्यादा हैं। अगले हफ्ते में यहां भी चना दाल तेजी में तुअर से आगे निकल सकती है। जानकार बताते हैं कि त्योहारी सीजन में हर साल ऑस्ट्रेलिया से 5 लाख टन चने का आयात होता है। इस बार भारी बारिश के कारण वहां फसल कमजोर है।