आपूर्ति सुपर बाजार सहित 10 संस्थानों की जांच, भविष्य निधि चोरी का खुलासा

भोपाल। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन ने राजधानी के आपूर्ति सुपर बाजार के छह प्रतिष्ठानों सहित 10 अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर औचक छानबीन कर भविष्यनिधि की चोरी पकड़ी है। आपूर्ति द्वारा 20 कर्मचारियों का भविष्य निधि जमा किया जा रहा था। 150 अन्य कर्मचारियों का भविष्य निधि पंजीयन नहीं मिला।
आपूर्ति सुपर बाजार के अवधपुरी, इंद्रपुरी, बिट्टन मार्केट, न्यूमार्केट, कोलार रोड बैरागढ़ एवं सी-21 मॉल स्थित प्रतिष्ठान पर छानबीन की गई। सभी ठिकानों पर 150 से अधिक कर्मचारियों की भविष्यनिधि की चोरी का खुलासा हुआ है। अवधपुरी में ही साक्षी अस्पताल, श्रीराम बिल्डर, मातोश्री आई अस्पताल, बेक एंड शेक, बैरागढ़ स्थित आरके रीजेन्सी, महिदपुरवाला, बैरागढ़ एवं सी-21 स्थित मीराज सुपर बाजार की जांच शुरू की गई है। न्यूमार्केट स्थित बजरंग सुपर बाजार एवं महासेल पर भी औचक निरीक्षण में भविष्य निधि की चोरी पाई गई। कोलार रोड पर वेस्टर्न होटल दृष्टि प्लाजा में चल रहे वीडियो पार्लर एवं निर्माण व्यवसाय की भी छानबीन की गई।
दस्तावेज बरामद
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के क्षेत्रीय कमिश्नर अश्विनी कुमार गुप्ता ने बताया कि विभाग ने छोटे-बड़े सभी संस्थानों में कर्मचारियों की भविष्यनिधि कटौती जांच की मुहिम शुरू की है। इस समय दीपावली के कारण मार्केट में ग्राहकी ज्यादा है इसलिए इन सभी संस्थानों का निरीक्षण करने के बाद भविष्य निधि संबंधी दस्तावेज जब्त कर लिए हैं। दीपावली के बाद इन सभी से पूछताछ कर कर्मचारियों की भविष्य निधि राशि एवं जुर्माना जमा कराया जाएगा।
आरके रीजेन्सी भी
आपूर्ति सुपर बाजार की सभी शाखाओं पर ऐसे कर्मचारियों की संख्या ज्यादा पाई गई जिनकी भविष्यनिधि राशि जमा नहीं की जा रही थी। आरके रीजेन्सी होटल में करीब 50 कर्मचारी काम करते मिले लेकिन उनकी भविष्य निधि कटौती नहीं की जा रही थी। कमिश्नर गुप्ता ने बताया कि बेक एंड शेक के यहां जितने कर्मचारी काम कर रहे थे उनमें से भविष्य निधि आधे कर्मचारियों का ही जमा किया जा रहा था। उधर महिदपुरवाला के यहां 32 कर्मचारी काम करते पाए गए।