पाकिस्तानी सेना ने फिर किया सीजफायर का उल्लंघन

पाकिस्तानी सेना ने फिर किया सीजफायर का उल्लंघन
X

नई दिल्ली | पाकिस्तानी सेना ने गुरुवार को जम्मू-कश्मीर के पूंछ में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर भारतीय सेना की चौकियों पर अकारण ही गोलाबारी शुरू कर दी। रक्षा प्रवक्ता के मुताबिक पाकिस्तानी सेना ने एलओसी के भीमबर गली (बीजी) सेक्टर में द्विपक्षीय संघर्षविराम का उल्लंघन किया। उन्होंने हमारी चौकियों पर मोर्टार दागे। भारतीय सेना के जवानों ने भी मुंहतोड़ जवाब दिया।

प्रवक्ता ने बताया कि हालांकि गोलाबारी तड़के 3.30 बजे रूक गई लेकिन छोटे हथियारों और स्वचालित बंदूकों से गोलीबारी जारी रही। पाकिस्तानी सेना ने बुधवार को राजौरी जिले के तारकुंडी क्षेत्र में भारतीय चौकियों पर गोलाबारी की थी। पीओके में आतंकी ठिकानों पर भारतीय सेना की ओर से किए लक्षित हमले के बाद से पाकिस्तानी सैनिक 30 बार संघर्ष विराम का उल्लंघन कर चुके हैं।

सेना द्वारा पाक अधिकृत कश्मीर में आतंकी ठिकानों को नष्ट करने के लिए किए गए सर्जिकल हमलों के बाद से अब तक जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर संघर्ष विराम का 30 बार उल्लंघन किया जा चुका है। बीते 16 अक्तूबर को पाकिस्तानी सैनिकों ने नौशेरा और रजौरी सेक्टरों में दो बार संघषर्विराम का उल्लंघन किया था, जिस दौरान एक जवान शहीद हो गया।

आठ अक्तूबर को पाकिस्तानी सैनिकों ने पुंछ जिले में मेंधर-कृष्णागति सेक्टर में अग्रिम भारतीय चौकियों पर गोलीबारी की थी, जिसमें एक जवान घायल हो गया था। पाकिस्तानी सैनिकों ने पांच अक्तूबर को संघषर्विराम का तीन बार उल्लंघन किया और पुंछ एवं रजौरी जिलों के तीन सेक्टरों में कई भारतीय चौकियों और असैन्य इलाकों में भारी गोलीबारी एवं गोलाबारी की।

पाकिस्तानी सैनिकों ने चार अक्तूबर को जम्मू, पुंछ और रजौरी जिलों के चार इलाकों में 10 अग्रिम क्षेत्रों में मोर्टार दागे। उन्होंने जम्मू जिले और पुंछ जिले के विभिन्न इलाकों में मोर्टार बम दागे और छोटे एवं स्वचालित हथियारों से गोलीबारी की। पाकिस्तानी सैनिकों ने तीन अक्तूबर को चार बार संघर्ष विराम का उल्लंघन किया और पुंछ जिले के सौजियां, शाहपुर-कर्णी, मंडी और केजी सेक्टरों में भारी गोलीबारी की और मोर्टार दागे। दो अक्तूबर को पाकिस्तान ने जम्मू जिले की पल्लानवाला के अग्रिम इलाके में नियंत्रण रेखा पर गोलीबारी और गोलाबारी की। एक अक्तूबर को, पाकिस्तानी सैनिकों ने भारतीय चौकियों और असैन्य इलाकों में मोर्टार बम, आरपीजी और एचएमजी से गोलाबारी की।

Next Story