Home > Archived > राजमाता के लिए राजनीति सेवा का माध्यम थी

राजमाता के लिए राजनीति सेवा का माध्यम थी

राजमाता के लिए राजनीति सेवा का माध्यम थी
X

शहरवासियों ने जन्म दिन पर दी पुष्पांजलि



ग्वालियर। राजमाता विजयाराजे सिंधिया ने राजनीति के क्षेत्र में कार्य करते हुए राजनीति से कुछ भी नहीं लिया, जबकि वह चाहतीं तो कोई भी बड़ा पद ले सकती थीं, लेकिन राजनीति उनके लिए सेवा का माध्यम थी। आमजन की सेवा के लिए वह राजपथ से लोकपथ पर आईं। उन्होंने आमजन की सेवा का जो संकल्प लिया था, उसे पूरा करने की शक्ति ईश्वर हम सबको दे और हम उनके दिखाए मार्ग पर चलें। यही उनके प्रति हमारी सच्ची श्रद्धाजंलि होगी। यह बात महापौर विवेक शेजवलकर ने भाजपा द्वारा बुधवार को कैलाशवासी राजमाता विजयाराजे सिंधिया के जन्म दिन पर कटोराताल मार्ग स्थित छत्री परिसर में राजमाता जी के समाधि स्थल पर आयोजित पुष्पांजलि कार्यक्रम में कही।

इस अवसर पर विनम्र श्रद्धांजलि देते हुए भाजपा के संभागीय संगठन मंत्री शैलेन्द्र बरुआ ने कहा कि राजमाता जी वात्सल्यमयी, संवेदनशील और नैतिक मूल्यों की धनी व्यक्तित्व थीं। उनके दिखाए हुए रास्ते पर चलना ही उन्हें हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी। भाजपा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य वेदप्रकाश शर्मा ने कहा कि राजमाता जी दृढ़ता और ममता की प्रतिमूर्ति थीं। भाजपा जिलाध्यक्ष देवेश शर्मा ने कहा कि राजमाता जी ने अपने कार्यों और आचार-व्यवहार से राजमाता से लोकमाता तक की यात्रा की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में उपस्थित भाजपा नेता, कार्यकर्ता और नागरिकों ने राजमाता जी के चित्र पर पुष्प चढ़ाकर अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
पुष्पांजलि कार्यक्रम में खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया, नगरीय विकास मंत्री मायासिंह, जीडीए अध्यक्ष अभय चौधरी, साडा अध्यक्ष राकेश जादौन, पूर्व मंत्री ध्यानेन्द्र सिंह, धीरसिंह तोमर, बृजेन्द्र जादौन, अनुराग बंसल, कमल माखीजानी, शरद गौतम,विनती शर्मा, रेखा धोलाखंडी, नियाज मोहम्मद, राकेश माहौर, अपर्णा पाटिल, खशुबू गुप्ता, हरीश मेवाफरोश, शीतल सिंह भदौरिया, शिवेन्द्र राठौर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।

धार्मिक भजनों से गूंजा छत्री परिसर
पुष्पांजलि कार्यक्रम में सर्व प्रथम भजन गायक राजेन्द्र पारीक एवं सरिता सोनी तथा उनके साथियों ने सुमधुर धार्मिक भजनों की प्रस्तुति दी। इस दौरान उन्होंने जय राघव माधव..., ईश्वर अल्लाह तेरो नाम... सहित अन्य भजनों की मनमोहक प्रस्तुति देकर उपस्थितजनों को भाव विभोर कर दिया। इस दौरान तबले पर वरुण पारीक, गिटार पर शिवकुमार शर्मा एवं परकशन पर सुनील देवकर ने संगत की।

अचलेश्वर पर निराश्रितों को बांटे फल
पुष्पांजलि कार्यक्रम उपरांत नगरीय विकास मंत्री मायासिंह एवं भाजपा जिलाध्यक्ष देवेश शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने राजमाता जी की जयंती पर अचलेश्वर महादेव मंदिर पर पहुंचकर निराश्रितों और गरीबों को फल वितरित किए। इससे पहले श्रीमती सिंह एवं भाजपा जिलाध्यक्ष देवेश शर्मा सहित अन्य भाजपा नेताओं ने सिटी सेन्टर स्थित राजमाता चौराहे पर पहुंचकर राजमाता जी की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण किया।

अजजा वर्ग के बच्चें को कराया भोजन
नगरीय विकास मंत्री मायासिंह ने राजमाता विजयाराजे सिंधिया के जन्म दिन के उपलक्ष्य में बुधवार को विवेकानंद नीडम में पहुंचकर अनुसूचित जनजाति वर्ग के बच्चों को अपने हाथों से भोजन कराया। इस अवसर पर साडा अध्यक्ष राकेश जादौन, पूर्व मंत्री ध्यानेन्द्र सिंह, धीरेन्द्र सिंह चंदेल सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

व्ही.आई.एस.एम. में मनाई राजमाता की जयंती
राजमाता जी का व्यक्तित्व एक आदर्श व्यक्तित्व था, राज परिवार से सम्बंध होने के बावजूद भी वे स्वभाव से सरल और त्याग की मूर्ति थीं। समाज के प्रत्येक वर्ग में शिक्षा का प्रकाश फैलाना ही उनकउद्देश्य था, इसके लिए वे आजीवन अपना योगदान देती रहीं। यह बात बुधवार को मुख्य वक्ता के रूप में अखिल भारतीय साहित्य परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री श्रीधर पराडकर ने राजमाता विजयाराजे सिंधिया की 97वीं जयंती के अवसर पर व्ही.आई.एस.एम ग्रुप ऑफ स्टडीज में आयोजित व्याख्यान में कही। तत्पश्चात् संस्थान के चेयरमैन डॉ. सुनील राठौर ने राजमाता जी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ग्वालियर को शिक्षा का केन्द्र बनाने में राजमाता जी का बहुत बड़ा योगदान है। कार्यक्रम में संस्थान चेयरपर्सन सरोज राठौर ने श्री पराडक़र को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर संस्थान की निदेशक डॉं. प्रज्ञा सिंह, सीनियर सांईटिस्ट डॉ. जाना एंव व्ही.सी.ई. प्राचार्या प्रो. मीरा गुप्ता सहित अन्य स्टाफ एंव छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

Updated : 20 Oct 2016 12:00 AM GMT
Next Story
Top