Home > Archived > जेपी से जुड़े लोगों ने चीन निर्मित वस्तुओं के बहिष्कार का लिया संकल्प

जेपी से जुड़े लोगों ने चीन निर्मित वस्तुओं के बहिष्कार का लिया संकल्प

लखनऊ। लोकनायक जयप्रकाश नारायण (जेपी) से लुड़े लोगों ने चीन निर्मित वस्तुओं के बहिष्कार का संकल्प लिया है। यह संकल्प जेपी की जयंती पर राजधानी लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान लिया गया। इस अवसर पर पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर की राजधानी में आदमकद प्रतिमा लगाने का प्रस्ताव भी पारित किया गया।

लोकनायक जयप्रकाश नारायण सेवा संस्थान के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के पंचायती राज मंत्री रामगोविंद चैधरी, पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के सांसद (राज्य सभा) बेटे नीरज शेखर, सांसद सुरेंद्र नागर, विधान परिषद सदस्य यशवंत सिंह, प्रदेश अध्यक्ष लोकतंत्र सेनानी राम सेवक यादव, लोकतंत्र सेनानी धीरेंद्र श्रीवास्तव समेत तमाम जनप्रतिनिधि, पत्रकार व बुद्धिजीवी उपस्थित रहे।

इस दौरान सांसद (राज्य सभा) नीरज शेखर और विधान परिषद सदस्य यशवंत सिंह ने चीन निर्मित वस्तुओं के बहिष्कार सम्बंधी प्रस्ताव प्रस्तुत किया, जो तत्काल सर्वसम्मति से पारित हो गया। लोकतंत्र सेनानी धीरेंद्र श्रीवास्तव ने संकल्प पढ़ा जिसे सभी ने दोहराया। संकल्प में पढ़ा गया कि चीन हमलावर देश है। वह हमारे देश के 38 हजार वर्ग किलामीटर क्षेत्र पर अवैध तरीके से काबिज है। उसने तिब्बत की आजादी छीन रखी है। वह हमारे पड़ोसी देश नेपाल, भूटान और वर्मा को भी अच्छी निगाह से नहीं देखता है।

चीन अड़ंगा नहीं डाला होता तो भारत संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद का स्थायी सदस्य बन गया होता। भारत परमाणु आपूर्ति कर्ता समूह का भी सदस्य होता। चीन पाकिस्तान को हमारे खिलाफ हमेशा उकसाता भी रहता है। चीन भारत में सालाना दो लाख 22 हजार करोड़ का कारोबार करता है। यह कारोबार चीन की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। हम भारतवासी चीन निर्मित उत्पादों को खरीदना बंद कर दे ंतो उसकी अर्थव्यवस्था की रीढ़ टूट जायेगी।
लोगों ने संकल्प लेने के साथ सभी भारतवासियों से अपील भी किया कि चीन निर्मित उत्पादों का बहिष्कार कर चीन को उसके किये की सजा दें। इससे बगैर हथियार उठाये चीन को भारत विरोध की सजा मिल जायेगी।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के पंचायती राज मंत्री रामगोविंद चैधरी ने अपने सम्बोधन में कहा कि राजधानी लखनऊ में डा0 राममनोहर लोहिया, लोकनायक जयप्रकाश नारायण और जनेश्वर मिश्र जैसे महान समाजवादियों की मूर्तियां और उनके नाम पर संस्थान हैं लेकिन कर्म से सदैव समाजवादी रहे पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर की मूर्ति अभी तक यहां नहीं लग सकी है।

इसके बाद एक प्रस्ताव पारित कर प्रदेश के मुख्यमंत्री से मांग की गयी कि राज्य सरकार की तरफ से राजधानी में पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर की एक आदमकद मूर्ति लगवायी जाये और उनके नाम पर एक संगहालय स्थापित किया जाये।

पूर्व में सभी ने लोकनायक जयप्रकाश नारायण के चित्र पर पुष्प अर्पित कर जयंती पर उन्हें याद किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्य सभा सांसद सुरेंद्र नागर ने किया। अतिथियों का स्वागत लोकनायक जयप्रकाश नारायण सेवा संस्थान के अध्यक्ष अनिल त्रिपाठी व कार्यक्रम का संचालन सचिव पीएन द्विवेदी ने किया।
सपा के प्रदेश सचिव रघुनन्दन सिंह काका, रत्नसेन सिंह, दिग्विजय सिंह देव, पार्षद सर्वेष यादव, अभिषेक सिंह आदि ने भी कार्यक्रम को सम्बोधित किया।

Updated : 14 Oct 2016 12:00 AM GMT
Next Story
Top