बाजार में धड़ल्ले से बिक रहा है चीनी सामान

प्रशासन ने कहा, मात्र पटाखों पर है प्रतिबंध
ग्वालियर। तमाम प्रयासों के बावजूद शहर में चीनी सामान की बिक्री पर रोक नहीं लग पा रही है। हालांकि प्रशासन ने चीनी पटाखों की बिक्री रोक दी है लेकिन दीपावली पर चीन की विद्युत झालरों के साथ ही सजावट का अन्य सामान धड़ल्ले से बिक रहा है।
उल्लेखनीय है कि नवदुर्गा उत्सव और दशहरा पर्व के बाद अब दीपावली की तैयारियों जोरशोर से शुरू हो गई हैं। इधर सातवां वेतनमान मिलने और इस माह दीपावली से पूर्व ही कर्मचारियों को वेतन मिलने की खबर से बाजार में जमकर खरीदारी होने वाली है, लेकिन इन सभी के बीच प्रशासन ने चीनी पटाखों पर तो रोक लगा दी है, लेकिन चीन के अन्य उत्पादों को बाजार में बिकने की खुली छूट दे दी है। प्रशासन के इस रवैए से जहां देशी बाजार को भारी नुकसान की संभावना है, वहीं बड़ी मात्रा में चीनी सामान देश में आने से यहां की मुद्रा चीन जा रही है।
चेम्बर अगले सप्ताह करेगा बैठक:- जानकारी के अनुसार मध्य प्रदेश चेम्बर ऑफ कॉमर्स,ग्वालियर इसे लेकर अगले सप्ताह शहर के व्यापारियों की एक बैठक बुलाने वाला है। इस बैठक में व्यापारियों से चीनी वस्तुओं का क्रय-विक्रय नहीं करने का आव्हान किया जाएगा। यह बैठक संभवत: अगले हफ्ते हो सकती है।
भारतीय बाजार को हो रहा है नुकसान
चीन में बनी हुई वस्तुएं भारतीय वस्तु की अपेक्षा बहुत सस्ती होती हैं, जिसमें विद्युत झालर, बल्ब, कंडील आदि शामिल हैं। इनके दाम कम होने के कारण अधिकतर लोग इन्हीं वस्तुओं को खरीदना पसंद करते हैं, जिससे भारतीय बाजार को बहुत बड़े नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति यह हो गई है कि भारतीय मजदूरों द्वारा निर्मित वस्तुएं बाजार में देखने तक को नहीं मिल रही हैं। वहीं छोटे व्यापारियों का कहना है कि अगर चीन के सभी उत्पादों पर रोक लगाई जाए तो भारतीय बाजार की स्थिति बहुत मजबूत हो सकती है।
इन्होंने कहा
‘प्रशासन द्वारा चीनी पटाखों के क्रय-विक्रय पर रोक लगाई गई है, ऐसे अन्य उत्पादों पर कोई रोक नहीं है। ’
शिवराज वर्मा
एडीएम
‘चेम्बर शीघ्र ही एक बैठक बुलाने वाला है, जिसमें शहर के व्यापारियों से आव्हान किया जाएगा कि वह चीन द्वारा निर्मित वस्तुओं को बाजार में नहीं बेचें। ’
डॉ. प्रवीण अग्रवाल
मानसेवी सचिव
चेम्बर ऑफ कॉमर्स