तो राजसात हो जाएगी दोनों बहनों की संपत्ति

भोपाल। बर्खास्त आईएएस अधिकारी अरविन्द जोशी की बहनों ने संपत्ति राजसात के मामले में न्यायालय में उपस्थित होकर अपना पक्ष नहीं रखा, तो उनकी संपत्ति न्यायालय के माध्यम से राजसात हो जायेगी। 40 करोड़ की संपत्ति में जोशी की बहनों की करीब दस करोड़ रुपए की संपत्ति शामिल है। लोकायुुक्त पुलिस द्वारा अरविन्द जोशी एवं उनकी पत्नी टीनू जोशी समेत उनकी अप्रवासी बहनें आभा और विभाग की आय से अधिक संपत्ति राजसात कराने का मामला विशेष न्यायालय में चल रहा है। आभा और विभा के खिलाफ न्यायालय द्वारा गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया, लेकिन वे पेशी पर उपस्थित नहीं हुई। लोकायुक्त पुलिस का कहना है कि संपत्ति राजसात कराने के मामले में अगर दोनों बहनें न्यायालय में अपना पक्ष रखने नहीं आयेंगी तो उनकी संपत्ति अटैच कराने की कार्यवाही की जायेगी। करीब 40 करोड़ रुपए की संपत्ति राजसात के मामले में दोनों बहनों के नाम भी दस करोड़ रुपए से अधिक संपत्ति है। इसमें प्लाट, जमीन आदि शामिल है। आयकर छापे में जोशी दंपति के यहां सवा तीन सौ करोड़ रुपए की संपत्ति का खुलासा किया गया था। लोकायुक्त पुलिस ने छापे में मिली जमीन, प्लाट, भवनों के दस्तावेजी रिकार्ड का अध्ययन तथा गुवाहाटी, दिल्ली, भोपाल, रायसेन, सीहोर आदि जिलों में मकान, प्लाट तथा जमीनों की कीमतों का मूल्यांकन कराने के बाद लोकायुक्त पुलिस ने कुल संपत्ति की कीमत 40 करोड़ रुपए आंकी है।