नई दिल्ली। भारतीय हॉकी टीम सोमवार को न्यूजीलैंड दौरे पर रवाना हो गयी। रवानगी से पहले टीम के सरदार सिंह ने कहा कि न्यूजीलैंड के खिलाफ खेलना हमारे खिलाड़ियों के लिए एक अच्छा अनुभव होगा और इस सीरीज से हमें हमारे खामियों को सुधारने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि न्यूजीलैंड के खिलाड़ी गति और तेज पास के लिए जाने जाते हैं। हम उनके खेल शैली से भलि-भांति परिचित हैं और अपने आप को वहाँ की स्थिति के अनुरुप ढालने की तैयारी कर रहे हैं।
प्रस्थान के दौरान बोलते हुए टीम के मुख्य कोच रोलेंट ओल्टमेन्स ने कहा कि न्यूजीलैंड का दौरा हमारे लिए काफी महत्वपूर्ण है। अगले साल होने वाले रियो ओलंपिक से पहले यह हमारे लिए अच्छा मौका है कि हमें दुनिया की बेहतरीन टीमों के खिलाफ खेलने का मौका मिल रहा है। टीम हर क्षेत्र में काम कर रही है। खासकर टीम संयोजन और रक्षा संरचना पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
न्यूजीलैंड दौरे पर भारतीय टीम 6 मैच खेलेगी। जिसमें से 2 न्यूजीलैंड ए के खिलाफ और 4 न्यूजीलैंड की राष्ट्रीय टीम के खिलाफ होगा। यह दौरा रायपुर में होने वाले एफआईएच हॉकी विश्व लीग फाइनल की तैयारियों के लिए महत्वपूर्ण है। एफआईएच हॉकी विश्व लीग फाइनल में भारतीय टीम का सामना विश्व की बेहतरीन टीमों से होगा। भारतीय टीम 2 अक्टूबर को आकलैंड में अपना पहला मैच खेलेगी।
न्यूजीलैंड के खिलाफ खेलना खिलाड़ियों के लिए अच्छा अनुभव होगा: सरदार सिंह
Updated : 2015-09-28T05:30:00+05:30
Next Story
© 2017 - 2018 Copyright . All Rights reserved.
Designed by Hocalwire