Home > Archived > फसलें बर्बाद : चक्का जाम कर दी आत्मदाह की चेतावनी

फसलें बर्बाद : चक्का जाम कर दी आत्मदाह की चेतावनी

कलेक्ट्रेट का घेराव कर की सर्वे कराने की मांग

अशोकनगर | खराब फसलों को लेकर चंदेरी विधायक के नेतृत्व में आए किसानों ने कलेक्ट्रेट का घेराव कर प्रदर्शन किया। इससे पहले किसानों ने तिराहे पर चक्काजाम भी किया। कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर खराब फसलों का सर्वे कराने की मांग करते हुए चक्काजाम और आत्मदाह की चेतावनी दी।
खरीफ फसल को कीट प्रकोप एवं सूखा के चलते हो रहे जबरदस्त नुकसान पर जहां जिलेभर के किसान निराशा के भंवर में अपनी आंखों मेें आंसू लिये हैं। विगत तीन वर्षों से प्रकृति की मार झेल रहे किसान और खेतीहर मजदूर अब लगभग टूट चुके हैं। जिनका मनोबल बढ़ाने के साथ उन्हें शासन-प्रशासन से उचित मुआवजा मिल सके। नुकसानी फसलों के सर्वे तीन दिन के अंदर कराने की बात लेकर चंदेरी विधायक गोपाल सिंह चौहान बड़ी संख्या में किसानों को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। जहां सैकड़ों पीडि़त किसान चंदेरी व ईसागढ़ क्षेत्र से आये थे। जिनके हाथों में सोयाबीन की फसलों के नुकसान हुए पौधे लहराते हुए किसानों ने विधायक के नेतृत्व में शीघ्र नुकसान का सर्वे व मुआवजे की बात ज्ञापन के माध्यम से रखते हुए कलेक्टर आरबी प्रजापति को मुख्यंत्री के नाम सौंपा है। इस दौरान अनेक किसान लगातार नुकसान झेलने के कारण आत्महत्या करने तक की बात कहते नजर आए। तो वहीं कई किसान हताशा के दौर में कुछ पीड़ा व्यक्त करने की स्थिति में तक नही थे। जिन्हें बार-बार विधायक श्री चौहान साहस बंधाते रहे। इस मौके पर प्रशासन ने भी नियमों के अनुसार शासन से निर्देशों पर नुकसान का सर्वे कराने की हरसंभव मदद की बात कही है।
फसल बीमा राशि में भेदभाव का आरोप:
वर्ष 2013-14 के दौरान ओला-पाला व अतिवृष्टि से गेहूं-चने की फसल में जो नुकसान हुआ था, उसका फसल बीमा राशि का भुगतान मुंगावली व चंदेरी विधानसभा क्षेत्र के किसानों को नही मिला है। जबकि अशोकनगर क्षेत्र के किसानों को उक्त राशि का भुगतान होने की स्थिति में विधायक श्री चौहान ने व्यवस्थाओं पर आरोप लगाते हुए भेदभाव बरते जानें की बात कही है। जबकि सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया द्वारा उक्त नुकसान की भरपाई के लिये पृथक से 5 सौ करोड़ रूपये जारी किये थे। जिन्हें जिले की तीनों विधानसभाओं में बिना भेदभाव के वितरित किया है। लेकिन राज्य सरकार द्वारा बांटे गई बीमा राशि में भेदभाव की बात को विधायक द्वारा प्रमुखता से बताया गया है।
तो चक्काजाम करेंगे:
पीडि़त किसानों का दर्द महसूस करते हुए चंदेरी विधायक श्री चौहान ने गुरूवार को आंदोलित किसानों के बीच कहा है कि हर सुख-दुख की घड़ी में मैं किसानों के सच्चे हितों की लड़ाई के लिये संघर्ष करता रहूंगा। फसलों में हो रहे लगातार नुकसान पर शासन-प्रशासन से अपने हक की बात पर 4 दिन बाद चंदेरी के फतेहाबाद तिराहे पर चक्काजाम कर समुचित मुआवजे की बात पुरजोर ढंग से रखी जाएगी। चाहे इसे लेकर मुझे जेल ही क्यों न जाना पड़े। इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष सिरनाम सिंह यादव, ब्लॉक अध्यक्ष लखन रघुवंशी व महामंत्री नफीसद्दीन आदि मौजूद रहे।

Updated : 11 Sep 2015 12:00 AM GMT
Next Story
Top