Home > Archived > याकूब के साथ हमदर्दी जताना राष्ट्र के लिये नुकसानदेह है: नायडू

याकूब के साथ हमदर्दी जताना राष्ट्र के लिये नुकसानदेह है: नायडू

याकूब के साथ हमदर्दी जताना राष्ट्र के लिये नुकसानदेह है: नायडू
X

हैदराबाद | केंद्रीय मंत्री वेंकैया नायडू ने इस बात पर अप्रसन्नता जतायी कि कुछ लोग मौत की सजा और आतकंवाद के मुद्दे का राजनीतिकरण कर रहे हैं और कहा कि याकूब मेमन के साथ हमदर्दी जताना देश के लिये नुकसानदेह होगा। 1993 मुंबई विस्फोट मामले में याकूब को हाल ही में फांसी दी गयी है।
नायडू ने कहा, दुर्भाग्यपूर्ण है कि कुछ लोग हर बात का राजनीतिकरण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मौत की सजा और आतंकवाद दो अलग चीजें हैं और लोग इसपर बहस कर सकते हैं।
उन्होंने कहा, लेकिन बात जहां तक आतंकवाद से लड़ने की है, हमें अपनी पूरी ताकत के साथ लड़ना चाहिए। हम दुनिया में आतंकवाद से सबसे ज्यादा प्रभावित होने वाले बनते जा रहे हैं। वे हमारी अर्थव्यवस्था को नष्ट करने और देश को कमजोर करने का लक्ष्य रखते हैं। जहां तक आतंकवादियों से निपटने का मामला है तो किसी प्रकार की उदारता या नरमी के लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए।
मुंबई 1993 विस्फोटों के मामले में दोषी याकूब मेमन को दी गयी फांसी पर छिड़े हालिया विवाद पर केंद्रीय मंत्री ने कहा, मुझे बहुत आश्चर्य हो रहा है, जिस प्रकार लोग याकूब मेमन की फांसी पर चर्चा कर रहे हैं। वह देशद्रोही है, वह आतंकवादी है और उसने देश को बहुत नुकसान पहुंचाया है। निष्पक्ष सुनवायी और अवसर देने के बाद उसे सजा सुनायी गयी और उसे लागू किया गया।
उन्होंने कहा, हालांकि कुछ लोगों ने इसे मानवाधिकार से जोड़ने का प्रयास किया और कुछ लोगों ने इसे धर्म से जोड़ने की कोशिश की। आतंकवादियों का कोई धर्म, कोई जाति नहीं होती। आतंकवादी सिर्फ आतंकवादी होता है। हम देश का नुकसान करेंगे़, कोई भी अगर उसके साथ हमदर्दी दिखाता है।
उन्होंने सवाल किया, मेमन मुद्दे को जिस प्रकार मीडिया में तव्वजो दी गयी, लोग उससे बहुत दुखी हैं। देश ने अपना एक महान बेटा, पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम, खोया़। उनका अंतिम संस्कार चल रहा है, लेकिन पूरा ध्यान याकूब मेमन पर है़। हम किसकी चर्चा कर रहे हैं।
न्यायपालिका की कार्रवाई को चुनौती देने वालों की आलोचना करते हुए वेंकैया नायडू ने कहा, दुर्भाग्यवश, मीडिया के कुछ धड़ों में हमने देखा कि कुछ लोग न्यायपालिका की कार्रवाई और सरकार के कदम को चुनौती देने की कोशिश कर रहे हैं, जैसे ही हममें गलती हो।
कुछ लोग कह रहे हैं कि दंगों में शामिल लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए, आपको किसने रोका है। भाजपा नेता ने कहा, हम सिर्फ एक साल पहले सत्ता में आए हैं, ऐसे में इस मुद्दे पर हमें दोषी कैसे ठहरा सकते हैं। उन्होंने कहा कि देश में कुछ लोगों की विचारधारा है आतंकवाद, आतंकवादियों और चरमपंथियों की स्तुति करना।
केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह की हालिया टिप्पणी, हिन्दू आतंकवाद शब्द संपग्र सरकार के दौरान आया, पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा, आतंकवाद का कोई धर्म नहीं होता। यदि आप कोई मामला उठा रहे हैं, तो इसका अर्थ है कि आप हमारे आलोचकों, आतंक को अंजाम देने वालों के हाथ मजबूत कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, हमने कभी नहीं कहा कि यह मुसलमान आतंकवाद, ईसाई आतंकवाद या हिन्दू आतंकवाद है। हमने कहा है आतंकवाद सिर्फ आतंकवाद है और वह मानवता का दुश्मन है तथा उसे इसी रूप में देखा जाना चाहिए।

Updated : 3 Aug 2015 12:00 AM GMT
Next Story
Share it
Top