बारिश ने किया शिवजी का अभिषेक

तीसरे सोमवार को शिवालयों पर उमड़े भक्त, निकली पालकी यात्रा
गुना। श्रावण मास के तीसरे सोमवार शिवालयों में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। शहर में जगह-जगह शिव मंदिरों पर सुबह से ही शिव भक्तों का सैलाब उमड़ रहा था। भक्तों द्वारा विशेष-पूजा अर्चना की गई और महाभिषेक, रुद्राभिषेक किया गया। दूध स्नान, अभिषेक किया गया। इस मौके पर हर सोमवार विभिन्न शिवालयों से निकाली गई भगवान भोलेनाथ जी की पालकी यात्रा भी आज निकली।
पूजन करने शिवालय पहुंचे भक्त
सावन के तीसरे सोमवार को शहर के सभी शिव मंदिरो में विशेष पूजन अर्चन की गई। भक्तों ने बम-बम भोले के जयकारे लगाए। भक्तों ने मंदिरों में भगवान शिवजी का अभिषेक किया, मंदिरों में विशेष सजावट की गई। वही आज घर-घर में भगवान शिवजी की आराधना की गई अनेक घरो में शिवलिंग निर्माण किए गए। महिलाओ पति की लंबी आयु और युवतियों मनचाहे वर की कामनाओं को लेकर व्रत रखा। अलसुबह से ही महिलाओं ने भगवान भोलेनाथ को जल चढ़ाया और पूजा अर्चना की। वहंी कई मंदिरों पर विशेष पूजन अर्चन और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अभिषेक किया गया। शिवालयो में आकर्षक सजावट की गई।
शिवालयों में गूंजे जयकारे
आज सुबह से ही शिवालयों में श्रृद्धालुओं की भारी भीड़ रही। जल व बेलपत्र अर्पित करने वालों का तांता लगा रहा। शिवजी के मंदिरों में महिलाएं, पुरुषों के साथ बच्चों को भी शिवपूजा में लीन देखा गया। श्रृद्धालुओं ने शिवजी का अभिषेक दूध, शहद, घी व पंचामृत से कर पुष्पों, धतूरें, आक के फूल, भस्म आदि से श्रृंगार किया गया। बताया जाता है कि इन दिनों शिवजी को एक बेलपत्र चढ़ाने से ही सौ पुण्यों का लाभ अर्जित होता है।