अब शताब्दी बनेगी हाई स्पीड रेलगाड़ी

अक्टूबर से 160 किलोमीटर प्रति घंटे से दौड़ेगी दिल्ली-आगरा सेक्शन पर

भोपाल। यदि सब कुछ ठीक रहा तो अक्टूबर से भोपाल-नई दिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस दिल्ली-आगरा सेक्शन पर 160 प्रति किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से दौडऩे लगेगी। सूत्रों के अनुसार दिल्ली आगरा सेक्शन पर गतिमान एक्सप्रेस को सेमी हाई स्पीड से दौड़ाने की अनुशंसा मिल चुकी है। इसी के साथ ही अब शताब्दी को भी सेमी हाई स्पीड से चलाया जा सकता हैै। इससे शताब्दी के रनिंग टाइम में 15 मिनट से अधिक की कमी आएगी।
भोपाल शताब्दी को नई दिल्ली से आगरा सेक्शन पर सेमी हाईस्पीड से चलाने के लिए नए टाइम टेबल में शामिल किया जा सकता है। चूंकि आगरा से नई दिल्ली के बीच गतिमान एक्सप्रेस को 160 की स्पीड से चलाने की अनुशंसा हो चुकी है इसलिए रेल अधिकारियों को उम्मीद है कि शताब्दी को भी सेमी हाई स्पीड मिलने में कोई समस्या नहीं होगी।
हो चुका है ट्रायल
दरअसल नई दिल्ली से आगरा के बीच गतिमान एक्सप्रेस को चलाने का ट्रायल हो चुका है। ट्रायल में टे्रन को 160 की स्पीड से चलाकर देखा गया था। फिलहाल शताब्दी को दिल्ली से आगरा की 195 किमी की दूरी तय करने में 2 घंटे 11 मिनट का समय लगता है। अब इसके रनिंग टाइम में 15 मिनट से अधिक की कमी आ जाएगी।
नये टाइम टेबल में होगी शामिल
रेलवे सूत्रों के अनुसार सितंबर से नया रेलवे टाइम टेबिल आ जाता है। इसमें शताब्दी को भी सेमी हाईस्पीड के चलते शामिल किया जाएगा। नई स्पीड में शताब्दी के रनिंग टाइम में भी कमी आ जाएगी। सीआरएस ने आगरा से नई दिल्ली सेक्शन पर लाइन के दोनों और कई स्थानों पर बाउंड्री वाल बनाने को कहा है। जहां भी वाल नहीं है, वहां इसका निर्माण भी शुरू हो गया है। पूरी उम्मीद है कि अक्टूबर में शताब्दी को सेमी हाई स्पीड ट्रेन का दर्जा मिल सकता है। इसके बाद इसे हाई स्पीड से दौड़ाया जाएगा।

Next Story