भाजपा की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला एक व दो को
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत राज्य स्तरीय कार्यशाला एक अगस्त से आंरभ होगी।
दो दिवसीय कार्यशाला में 9 सत्रों में पार्टी के केन्द्रीय पदाधिकारी और प्रदेश के वरिष्ठ पदाधिकारी विषय प्रतिपादन करेंगे। प्रशिक्षण प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक अरविंद कवठेकर ने बताया कि कार्यशाला में भाग ले रहे प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, संगठन मंत्री, प्रशिक्षण प्रकोष्ठ की प्रदेश की टीम, प्रकोष्ठ के जिला संयोजक भाग लेंगे। प्रशिक्षणार्थी प्रदेश के 757 मंडलों और 56 संगठनात्मक जिलों में वर्ग के प्रशिक्षक होंगे। मंडलों में कार्यशालाएं 16 अगस्त से आरंभ होगी और 15 सितम्बर तक समाप्त हो जायेगी।
एक अगस्त को आरंभ प्रशिक्षण कार्यशाला में प्रमुख रूप से हमारा विचार हमारा परिवार, भारतीय जनता पार्टी की कार्य पद्धति, पार्टी का इतिहास कार्यकर्ता का निर्माण, केंद्र में नरेंद्र मोदी सरकार की उपलब्धियॉ, मध्यप्रदेश में पार्टी के विकास की गौरव गाथा, राज्य सरकार की जनोन्मुखी नीतियां और उपलब्धियों सहित विभिन्न विषयों में सत्रों में विस्तार से मार्गदर्शन दिया जायेगा।भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और संगठन के प्रदेश प्रभारी डॉ. विनय सहस्त्रबुद्धे के मार्गदर्शन में दो दिवसीय कार्यशाला आयोजित की जाएगी।
प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान, प्रदेश संगठन महामंत्री अरविंद मेनन, प्रदेश महामंत्री विनोद गोटिया भाग लेंगे। अरविंद कवठेकर ने बताया कि प्रशिक्षण वर्ग में पर्यावरण, अनुशासन, समयशीलता और समय प्रबंधन की आवश्यकता भी रेखांकित की जायेगी। क्योंकि इन विषयों का अनुपालनता किसी भी संगठन की सफलता का आधार है।