दो दिन तक स्थगित रहने के बाद आज अमरनाथ यात्रा का नया जत्था रवाना
जम्मू | खराब मौसम के कारण और जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग के दो दिन तक बंद रहने के बाद अमरनाथ यात्रा के लिए 4,633 श्रद्धालुओं का नया जत्था आज कड़ी सुरक्षा के बीच आधार शिविर से रवाना हो गया है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि 3,302 पुरुषों, 1,012 महिलाओं, 80 बच्चों, 238 साधुओं और अन्य लोगों के साथ यह जत्था भगवती नगर आधार शिविर से आज सुबह करीब 4 बजकर 45 मिनट पर 119 वाहनों में रवाना हुआ। काफिला सुबह 10 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित कुद पहुंचा और यह आज शाम तक बालटाल और पहलगाम आधार शिविर पहुंचेगा।
इस नए जत्थे को मिलाकर अब तक करीब 27,098 श्रद्धालु अमरनाथ गुफा के लिए जम्मू आधार शिविर से रवाना हुए हैं और 3,888 मीटर की ऊंचाई पर स्थित इस पवित्र गुफा में अब तक डेढ़ लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं।
गौरतलब है कि खराब मौसम के कारण वाषिर्क तीर्थयात्रा रविवार और सोमवार को बाधित रही थी। रविवार को कई जगहों पर भारी बारिश से हुए जबरदस्त भूस्खलन के कारण 300 किलोमीटर लंबे राजमार्ग को वाहनों के लिए बंद कर दिया गया था। सोमवार शाम इसे फिर से खोला गया था हालांकि मार्ग पर फिसलन होने के कारण मार्ग से यातायात आवागमन की इजाजत नहीं दी गई थी।