पंकजा मुंडे पर लगा 206 करोड़ रुपये का घोटाले का आरोप

मुंबई। महाराष्ट्र सरकार में महिला व बाल विकास कल्याण मंत्री पंकजा मुंडे पर २०६ करोड़ के घोटाले का आरोप कांग्रेस ने लगाया है। विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने श्रीमती मुंडे पर सरकारी स्कूलों के लिए किताब, चिक्की व वाटर फिल्टर की खरीद में नियम के विपरीत खरीददारी का आरोप लगाते हुए कहा है कि उन्होंने २०६ करोड रुपए का घोटाला किया है।
उल्लेखनीय है कि पंकजा मुंडे भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व.गोपीनाथ मुंडे की पुत्री हैं। मालूम हो कि गोपीनाथ मुंडे की मृत्यु जून २०१४ में एक सडक़ दुर्घटना के दौरान हो गई थी।
महाराष्ट्र कांग्रेस ने पंकजा मुंडे पर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने तकरीबन २४ कान्ट्रेक्ट अपने करीबियों को दिए हैं। आरोपों के मुताबिक मुंडे ने बिना टेंडर के सभी खरीद को अंजाम दिया है, जबकि नियम है कि तीन लाख से ऊपर की खरीद के लिए ई टेंडर की प्रक्रिया अपनायी जाती है।
कांग्रेस ने कहा कि मुंडे ने २४ कॉन्ट्रेक्ट को २४ घंटे के अंदर मंजूरी दी है। दिल्ली में कांग्रेस प्रवक्ता अजय माकन ने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णनवीस अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकते हैं। कांग्रेस ने मांग की है इस पूरे मामले की जांच हाईकोर्ट के वर्तमान जज से कराई जाए। साथ ही माकन ने कहा कि पंकजा मुंडे को अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। बहरहाल जिस तरह से नए घोटाले सामने आ रहे हैं, भाजपा के लिए मुसीबतें दिन ब दिन बढ़ती जा रही हैं। ललित मोदी प्रकरण में वसुंधरा व सुषमा का नाम आने से पहले ही भाजपा बचाव की मुद्रा में है। इस बीच महाराष्ट्र में घोटाले का उजागर होना पार्टी के लिए बड़ी मुसीबत बन सकता है।