पुलिस लाइन के पास सूने घर में चोरी

रिटायर्ड ईई परिवार के साथ गए हैं चित्रकूट
अशोकनगर | रिटायर्ड ईई के सूने घर को चोरों ने निशाना बनाया। पुलिस लाइन के पीछे एवं जेल के सामने हुई चोरी के इस मामले में चोरों ने कितना माल समेटा इसकी जानकारी मालिक के आने पर हो सकेगी। परिवार इस समय चित्रकूट गया हुआ है। घटना शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात की है।
पुलिस चोरी का सुराग लगानेे के लिए खोजी कुत्ता का भी सहारा लिया। किशनलाल शर्मा लोक निर्माण विभाग कार्यपालन यंत्री पद से रिटायर्ड हो चुके हैं। वे पुलिस लाइन के पीछे रहते हैं। कुछ दिनों पहले वे चित्रकूट परिवार सहित गए थे। सूना घर देखकर चोरों ने उनके घर में धावा बोला। चोरी की घटना का पता उस समय लगा जब लोगों ने दरबाजे के कुंदे उखड़े और दरवाजे अध खुले देखे तो जिसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि चोरों ने ताला तोडऩे के बजाय कुन्दा उखाड़कर घर में प्रवेश किया। घर में कपड़े सहित अन्य घरेलू सामान नीचे पड़ा हुआ था। वहीं अलमारियां खुली पड़ी थी। फर्श पर चारों ओर बिखरे पड़े सामान से साफ लग रहा था कि चोरों ने तसल्ली से खोजबीन की। अभी यह पता नही चल सका है कि चोर यहां से कितना माल समेट ले गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया। बाद में खोजी कुत्ता को बुलाकर सुराग तलाशने में उसकी मदद ली। चोरी की घटना के बाद पास पड़ौसियों में दहशत और असुरक्षा की भावना साफ दिखाई दे रही थी। बताया जा रहा है कि बीती रात में पुलिस ने हर पाइण्ट पर चौकसी रखी थी और गश्त भी दी थी। इसके बावजूद भी चोरी की घटना पुलिस गश्त पर सवालिया निशान खड़े कर रही है।