पानी भरने पर हुआ विवाद, पांच घायल

श्योपुर। ग्राम सोंईकलां में हैण्डपंप पर पानी भरने को लेकर हुए झगड़े में पांच लोग घायल हो गए। इस मामले में पुलिस ने एक-दूसरे की रिपोर्ट पर क्रॉस मुकदमा कायम कर लिया है।
घटनाक्रम के मुताबिक देहात थाना क्षेत्र के ग्राम सोंई में सुबह करीब 9 बजे महेन्द्र सिंह पुत्र महावीर बैरवा 14 हैण्डपंप पर पानी भरने गया था। जबकि मेगाबाई पहले से हैण्डपंप पर पानी भर रही थी। इस दौरान मेगाबाई ने महेन्द्र को हैण्डपंप से धक्का देकर हटा दिया। यह बात महेन्द्र ने घर जाकर अपनी मां द्वारिकाबाई एवं भाई कमल को बताई तो वे हैण्डपंप पर आ गए और उलाहना देने लगे। इस बीच मेगाबाई सहित समोसाबाई एवं धापाबाई ने मिलकर लाठी-डंडों से उन पर हमला कर दिया, जिससे तीनों घायल हो गए। जवाब में दूसरे पक्ष ने भी हमला कर दिया, जिसमें धापाबाई एवं मेगाबाई घायल हो गए। घटना के बाद दोनों पक्ष अपनी-अपनी फरियाद लेकर थाने पहुंचे और रिपोर्ट दर्ज कराई। इस मामले में पुलिस ने महेन्द्र की रिपोर्ट पर आरोपी मेगाबाई, धापाबाई, समोसाबाई के खिलाफ तथा दूसरे पक्ष की फरियादी धापाबाई की रपट पर आरोपी कमल, महेन्द्र एवं द्वारिकाबाई के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत आपराधिक प्रकरण दर्ज कर लिया है।

Next Story