रातभर गायब रहे, सुबह घर पहुंचे किशोर
ग्वालियर। कम्पू थाना क्षेत्र के शिवाजी नगर में रहने वाले दो किशोर गुरूवार 21 मई की रात 8 बजे अचानक गायब हो गए। परिजनों ने थाने में अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का प्रकरण भी दर्ज कराया तथा खुद भी रातभर खोजते रहे। शुक्रवार की सुबह दोनों किशोर अपने घर पहुंच गए।
जगदीश पुत्र अमर सिंह तोमर निवासी शिवाजी नगर आमखो ने देर रात करीब 11:50 बजे कम्पू थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका 11 वर्षीय बेटा विन्नी तोमर और पड़ौस में रहने वाला एक अन्य किशोर आकाश सेन रात 8 बजे अचानक गायब हो गए। दोनों किशोरों के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध प्रकरण भी दर्ज कर लिया। इस बीच रातभर परिजन इन दोनों किशोरों को खोजते रहे। सुबह दोनों अपने घर पहुंच गए। दोनों किशोरों ने परिजनों को बताया कि वह शहर से बाहर घूमने जाने के लिए निकले थे। वह रेलवे स्टेशन पहुंच गए थे जहां से वह रेल में नहीं बैठ सके और प्लेटफार्म पर ही रात गुजारने के बाद सुबह जब भूख लगी तो चुपचाप घर लौट आए। किशोरों के वापस लौट आने की सूचना परिजनों ने तुरंत पुलिस को दी। हालांकि कम्पू थाना प्रभारी ने देर रात इन किशोरों के वापस लौटने की पुष्टि नहीं की।