पड़ोसी ने महिला की हत्या कर खुद को गोली मारी

भिण्ड। नयागांव थाना क्षेत्र के ग्राम रूरन में एक युवक ने पड़ोसी महिला की गोली मारकर हत्या कर दी, इसके बाद आरोपी ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से स्वयं को गोली मारकर कर अपनी जीवनलीला समाप्त कर लिया। नयागांव थाना पुलिस ने
प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार ग्राम रूरन में रहने वाली श्रीमती राधा (26 वर्ष), पत्नी जगपाल सिंह मंगलवार की सुबह करीब 10 बजे अपने घर पर अकेली थी। इसी दरम्यानी पड़ोस में रहने वाला अर्जुन सिंह पुत्र बैजनाथ सिंह राधा के घर अपनी लाइसेंसी बंदूक लेकर पहुंच गया और गोली मारकर राधा की हत्या कर दी। इसके उपरांत आरोपी ने अपनी बंदूक से स्वयं को गोली मार दी और अपनी जीवनलीला समाप्त कर दी। हालांकि हत्या की वजह का खुलासा अभी नहीं हो पाया है लेकिन अटकलें लगाई जा रही हैं कि मामला प्रेम-प्रसंग का हो सकता है।
दो बच्चों की मां थी मृतका
मृतका राधा दो बच्चों की मां बताई गई है। उसकी बच्ची करीब ढाई साल की है तथा बच्चा करीब तीन माह का है। जो उसकी मौत के बाद बिलखते रह गए। आरोपी मृतक अर्जुन सिंह ने अपनी 12 बोर की लाइसेंसी बंदूक से महिला की हत्या की है और उसी से आत्महत्या की है। लोग बताते हैं कि वह बंदूक उसके परिजनों से उसके नाम आई थी।
पुलिस कर रही है जांच
थाना नयागांव पुलिस ने दोनों के शव अंत:परीक्षण के लिए अस्पताल भेज दिए हैं और हत्या की वजह तलाशने में जुट गई है। पुलिस ने मामले में फिलहाल मर्ग कायम कर विवेचना आरंभ कर दी है।

Next Story