Home > Archived > देवी जागरण से लौट रहे युवक को गोली मारी

देवी जागरण से लौट रहे युवक को गोली मारी


मुरैना। माताबसैया थाना क्षेत्र में रात करीब ढाई बजे डोंगरपुर किरार गांव के पास देवी जागरण से गांव लौट रहे एक युवक को अज्ञात व्यक्ति ने गोली मार दी। युवक को गंभीर हालत मेंं जिला अस्पताल से ग्वालियर रैफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार ग्राम डोंगरपुर किरार में शनिवार की रात को किरार समाज के लोगों द्वारा देवी जागरण का आयोजन कराया गया था। मीरपुर गांव का रहने वाला रामजीलाल पुत्र रामगोपाल यादव 45 साल भी जागरण में पहुंचा था। रात दो बजे तब जागरण में शामिल होने के बाद रामजीलाल गांव जाने के लिए निकल पड़ा। रामजीलाल डोंगरपुर किरार से थोड़ी दूर पहुंचा था, तभी उसे अज्ञात व्यक्ति ने गोली मार दी। गोली रामजीलाल की छाती पर दायीं ओर लगी। रास्ते पर आ रहे लोगों ने जब रामजीलाल को लहूलुहान अवस्था में देखा तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर रामजीलाल को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां से उसे ग्वालियर रैफर कर दिया गया। बहरहाल गोली किसने और क्यों मारी इसका पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले को संदिग्ध मानते हुए पड़ताल करने में जुट गई है।
इनका कहना है
युवक देवी जागरण में शामिल होने डोंगरपुर किरार पहुंचा था। लौटते समय उसे गोली लगी है। मामला संदेहास्पद है, पड़ताल की जा रही है।
यूपीएस चौहान, थाना प्रभारी, माताबसैया

Updated : 18 May 2015 12:00 AM GMT
Next Story
Top