अमित शाह का राहुल पर निशाना, कहा-अपने नेता को ढूंढे कांग्रेस

बेंगलूर। कर्नाटक की राजधानी बेंगलूर में भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की दो दिवसीय बैठक की शुरुआत पार्टी अध्यक्ष अमित शाह के संबोधन से हुई। अमित शाह ने कहा कि मोदी सरकार ने दस महीने भ्रष्टाचार मुक्त शासन दिया है।
अमित शाह ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस अपने नेता को ढूंढे। उन्होंने कहा कि विपक्ष निराश और हताष है।
पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रकाश जावडेकर ने कहा कि भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बन गई है। आठ राज्यों में भाजपा के मुख्यमंत्री हैं। चार राज्यों में हमारी गठबंधन सरकार है। 2014 हमारे लिए विजय वर्ष था। केरल में भाजपा के पास 19 लाख सदस्य हैं। 15 लाख कार्यकर्ताओं को ट्रेनिंग दी जाएगी।
पार्टी का देशभर में दस करोड़ सदस्य बनाने का लक्ष्य है। इसके लिए पार्टी महासंपर्क अभियान चलाएगी। नए सदस्यों को कार्यकर्ता बनाया जाएगा। कार्यकर्ता बेटी बचाओ अभियान से जुड़ेंगे। भूमि बिल पर कांग्रेस ने गलतफहमी फैलाई है। इस संबंध में पार्टी कार्यकर्ता किसानों से मिलेंगे।
सूत्रों के मुताबिक, बैठक में भाजपा को मजबूत करने पर जोर होगा। साथ ही, इसमें अन्य कई मुद्दों पर भी चर्चा होने की संभावना है।
बैठक में सभी राज्य अपना ब्योरा पेश करेंगे। बैठक में अमित शाह, अरुण जेटली, सुषमा स्वराज, राजनाथ सिंह, लालकृष्ण आडवाणी और पीएम मोदी भी मौजूद हैं।
पता चला है कि रविशंकर प्रसाद के हाथ में फ्रैक्चर हो जाने की वजह से वह बेंगलूर से वापस दिल्ली लौट सकते हैं। इसलिए अब रविशंकर की जगह राम माधव विदेश नीति पर प्रस्ताव पेश कर सकते हैं।
इस बीच, जम्मू-कश्मीर के डिप्टी सीएम निर्मल सिंह ने कहा है कि धारा 370 हमारे एजेंडे में है। इसे समय आने पर देखा जाएगा।
बैठक में कार्यकर्ताओं को भूमि अधिग्रहण विधेयक के फायदों के बारे में जानकारी दी जाएगी।
गौरतलब है कि बेंगलुरु में भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक का महत्व इसलिए ज्यादा है, क्योंकि केंद्र में सरकार गठन के बाद यह पहली बैठक है। जाहिर है कि इसमें देश से लेकर विदेश के मोर्चों तक सरकार की उपलब्धियों का बखान होगा। पूरी रूपरेखा उसी लिहाज से बनाई गई है। इसमें पूरा फोकस प्रधानमंत्री मोदी, अमित शाह और सरकार के वरिष्ठ मंत्रियों पर होगा।
सरकार तेज गति से देश और विदेश के मोर्चों पर बढ़ रही है तो पार्टी ने भी नया कीर्तिमान बनाया है। बताते हैं कि नेतृत्व आडवाणी से इसलिए आशंकित है, क्योंकि पिछली बैठकों में परोक्ष रूप से नेतृत्व के कामकाज पर सवाल उठाते रहे हैं। अब हर किसी का ध्यान इस पर है कि आडवाणी शनिवार को बैठक में संबोधन करते हैं या नहीं। पिछली बार गोवा अधिवेशन में आडवाणी ने ना जाकर जो भूल की थी, कम से कम वैसी भूल वह इस बार तो नहीं कर रहे।
गुरुवार की शाम बेंगलुरु पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी ने अमित शाह की प्रशंसा करते हुए सदस्यता अभियान को ऐतिहासिक बताया। परोक्ष रूप से उन्होंने शाह की तुलना गांधी, लोहिया जैसे लोगों से भी की जिनके नेतृत्व में आंधी चली थी।
मोदी ने कहा कि सरकार बड़ी नहीं होती है, पार्टी का बड़ा महत्व होता है और अब इन 10 करोड़ सदस्यों को कार्यकर्ता बनाने की जरूरत है। इस क्रम में उन्होंने स्वच्छता अभियान, गंगा समेत दूसरी नदियों को प्रदूषण मुक्त करने के लिए जनमानस को तैयार करने की भी बात कही।
