देश में भूकंप में मरने वालों की संख्या 53 हुई

नई दिल्ली | देश के कई हिस्सों में शनिवार को आए शक्तिशाली भूकंप के कारण मरने वालों की संख्या बढ़कर 53 हो गई है जबकि 240 लोग घायल हुए हैं। बहरहाल, लोगों के मलबों में फंसे होने की आशंका के मद्देनजर बचाव अभियान तेज कर दिया गया है। शक्तिशाली भूकंप का केंद्र नेपाल में था जिसके कारण देश के कई हिस्से थर्रा उठे थे।गृह मंत्रालय के अनुसार, भारत में मरने वालों की संख्या बढ़कर 53 हो गई जबकि 240 लोग घायल हुए हैं। नुकसान के आकलन की विस्तृत जानकारी अभी तक नहीं मिल पाई है। भारत में बिहार, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल, नेपाल से सटे सीमाई इलाके भूकंप से सबसे ज्यादा प्रभावित हिस्से रहे। रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 7.9 मापी गई थी।गृह राज्य मंत्री किरेन रिजीजू ने बताया कि मरने वालों की संख्या बिहार में सर्वाधिक 38 है और राज्य में 133 लोग जख्मी हुए। उन्होंने बताया कि भूकंप के कारण उत्तर प्रदेश में 11 लोगों की मौत हुई और 69 लोग घायल हुए जबकि पश्चिम बंगाल में दो लोगों की मौत हुई तथा 35 लोग जख्मी हुए। बड़े पैमाने पर बचाव और राहत अभियान को युद्धस्तर पर शुरू किया गया है।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने यहां कल एक उच्च स्तरीय बैठक बुलाकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल ही चिकित्सा कर्मियों के साथ राहत और बचाव दलों को भेजने का निर्देश दिया। गृह सचिव एल. सी. गोयल ने बताया कि राहत और बचाव अभियानों के लिए 45 कर्मियों वाले राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की पांच टीम को बिहार और उत्तर प्रदेश के लिए रवाना किया गया। उन्होंने कहा कि हमारा पूरा ध्यान बचाव अभियानों पर केंद्रित है। कुछ समय में नुकसान का आकलन किया जाएगा। साथ ही अर्धसैनिक बलों को भी सचेत कर दिया गया है ताकि जरूरत पड़ने पर उन्हें बेहद कम समय में भी तैनात किया जा सके।