Home > Archived > दिग्गी के सुझाव पर बनाया राहुल का दौरा

दिग्गी के सुझाव पर बनाया राहुल का दौरा

भोपाल। दलितों के बीच एक बार फिर से कांग्रेस पैठ बनाने की तैयारी कर रही है। राहुल का महू दौरा उसी पैठ बनाने का हिस्सा है। राहुल गांधी यहां पर दलित एजेंडे को लेकर पार्टी कार्यक्रमों का ऐलान कर सकते हैं। ऐसा माना जाता है कि जब से कांग्रेस से दलित वर्ग अलग होना शुरू हुआ है, तब से पार्टी की जड़ें कमजोर हो गई है। राहुल को महू लाने में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का अहम रोल है।
सूत्रों की मानी जाए तो दिग्विजय सिंह ने ही राहुल गांधी को यहां पर आने का सुझाव दिया था। दिग्विजय सिंह ने भी अपनी सरकार में दलित एजेंडा चलाया था, लेकिन उस वक्त उनका यह एजेंडा सफल नहीं हो सका था। कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह को भी दलितों का बड़ा हितैषी माना जाता था।
महू के इस कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस के नेताओं की एकजुटता भी दिखाई दे सकती है। राहुल गांधी के कार्यक्रम में दिग्विजय सिंह का मौजूद रहना तय है। जबकि पूर्व केंद्रीय मंत्री कमलनाथ, ज्योतिरादित्य सिंधिया और सुरेश पचौरी के अलावा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया भी राहुल के साथ यहां पर दिखाई दे सकते हैं। इसके कार्यक्रम के बाद प्रदेश में ये सभी नेता सक्रिय भूमिका में दिखाई दे सकते हैं।

जयराम रमेश पर होगी जिम्मेदारी
ऐसा माना जा रहा है कि इस कार्यक्रम की पूरी कमान पूर्व केंद्रीय मंत्री जयराम रमेश के जिम्मे होगी। वे दिग्विजय सिंह के साथ इस कार्यक्रम को लेकर अपनी तैयारियों में जुट गए हैं। हालांकि राहुल गांधी के कार्यालय से अब तक प्रदेश कांग्रेस कार्यालय को इस संबंध में कोई सूचना नहीं मिली है। 

Updated : 10 April 2015 12:00 AM GMT
Next Story
Top