पोरसा जनपद में प्रेरक भर्ती में फर्जीवाड़ा!

एक आवेदक ने दो स्थानों पर लगाई भिन्न-भिन्न अंकूसचियां

मुरैना/पोरसा। साक्षर भारत योजना के तहत जनपद पंचायत पोरसा में भ्रष्टाचार एवं अनियमितताएं होने का अंदेशा है। सूत्रों की माने तो अधिकारियों द्वारा फर्जीवाड़ा कर अयोग्य लोगों को भर्ती किया गया है।
फर्जीवाड़े का अंदेशा जनपद पंचायत पोरसा द्वारा जारी की गई अनंतिम सूची के आधार पर जताया जा रहा है। जारी सूची के अनुसार रामदास जम्होरिया पुत्र जगन्नाथ जम्होरिया निवासी पाटीबारी रजौधा का चयन ग्राम पंचायत बरबाई के लिए किया गया है। जिसमें उसके अंक 85 प्रतिशत और प्राप्तांक 510/600 दर्शाए गए है। जबकि रामदास द्वारा रतनबसई पंचायत में प्रस्तुत की गई अंकसूची में कुल 48 प्रतिशत अंक के साथ प्राप्तांक 220/450 दर्शाए गए है। आवेदक द्वारा दो स्थानों पर भिन्न-भिन्न अंकसूचियां लगाए जाने से पूरी प्रक्रिया में फर्जीवाड़े की आशंका है।
बरसों से जमे अधिकारियों ने खिलाया गुल
सूत्रों की माने तो प्रेरक भर्ती में हुए फर्जीवाड़े में जनपद पोरसा में कई बरसों से पदस्थ अधिकारी एवं बाबुओं का हस्तक्षेप रहा है। अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों को भ्रमित कर उनके द्वारा मोटी रकम लेकर चहेते लोगों को भर्ती किया गया है।
भर्ती की जांच होने पर खुलेगी पोल
जनपद पोरसा से जुड़े सूत्रों की माने तो भर्ती प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच होने पर पूरे फर्जीवाड़े की पोल खुल सकती है।

Next Story