पाकिस्तान में लश्कर-ए-झांगवी का दुर्दांत कमांडर ढेर


इस्लामाबाद। पाकिस्तान के संकटग्रस्त बलूचिस्तान प्रांत में सुरक्षा बलों के साथ गोलीबारी में प्रतिबंधित संगठन लश्कर-ए-झांगवी के एक दुर्दांत कमांडर समेत दो आतंकवादी मारे गए।
पुलिस ने बताया कि एलएजे बलूचिस्तान का प्रमुख उस्मान सैफुल्लाह गाही खान चौक के निकट एक होटल में छुपा हुआ था। सुरक्षा बलों ने वहां छापा मारकर सैफुल्ला और एक अन्य आतंकवादी को गोलीबारी में मार गिराया। उस्मान शिकारपुर इमामबाड़ा में हाल में हुए हमले का संदिग्ध मास्टमाइंड था।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी बशीर ब्रोही ने आज कहा कि एलएजे का कमांडर और बलूचिस्तान में संगठन का प्रमुख उस्मान सैफुल्लाह कल सुरक्षा बलों के साथ गोलीबारी में मारा गया। इस गोलीबारी में पांच सुरक्षाकर्मी घायल हो गए। उन्होंने बताया कि होटल में कुछ आतंकवादी छुपे हुए थे और उन्होंने सुरक्षा बलों पर गोलियां चलाईं।
अधिकारी ने कहा कि उस्मान हजारा समुदाय के उन सदस्यों की हत्या में भी शामिल था जिन्हें प्रांत में योजनाबद्ध तरीके से निशाना बनाया गया और उनकी हत्या की गई। वह क्वेटा छावनी में एंटी टेररिस्ट फोर्स जेल से 2008 में भाग गया था।
खुफिया सूत्रों ने बताया कि उस्मान के अल कायदा और अफगान तालिबान दोनों से निकट संबंध थे। कराची में आतंकवाद विरोधी मुहिम के एक वरिष्ठ अधिकारी उमर खताब ने आज बताया कि शिकारपुर बलूचिस्तान सीमा पर स्थित है इसलिए उनका मानना है कि वहां बमबारी भी उस्मान के समूह ने ही की थी। हालांकि शिकारपुर के इमामबाड़ा में शुक्रवार को हुई बमबारी की जिम्मेदारी जुंदुल्लाह संगठन ने ली है। इस बमबारी में करीब 60 लोगों की मौत हो गई थी।

Next Story