भाजपा को जेडीयू के आंतरिक कलह से कुछ लेना-देना नहीं: प्रसाद

नई दिल्ली | भाजपा ने नीतीश कुमार के इन आरोपों को ‘आधारहीन और दुर्भावनापूर्ण’ बताया कि वह जदयू के विधायकों को लुभा रही है। भाजपा ने कहा कि उसका जदयू के आंतरिक कलह से कुछ भी लेना देना नहीं है। भाजपा ने इसके साथ ही बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कुमार पर ‘गंदी राजनीति’ करने का आरोप भी लगाया।
भाजपा ने इसके साथ ही नीतीश कुमार से सवाल किया कि वह अपने ही विधायकों को नियंत्रित क्यों नहीं कर पा रहे हैं और उन्हें उन पर विश्वास क्यों नहीं है तथा उन्हें ग्रेटर नोएडा में उत्तर प्रदेश सरकार की सुरक्षा में रखने के लिए दिल्ली लेकर क्यों आये हैं।
केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा, ‘हम इस दुर्भावनापूर्ण आरोप को पूरी तरह से खारिज करते हैं। वे दुर्भाग्यपूर्ण और शर्मनाक हैं। यह नीतीश कुमार का उतावलापन है जिन्हें बिहार लोकसभा चुनाव में अपनी निर्णायक हार को स्वीकार करना बाकी है। यह निराशा का स्पष्ट संकेत है।
उन्होंने कहा, ‘भाजपा का जदयू के आंतरिक कलह से कुछ भी लेना देना नहीं है। यह संघर्ष जदयू के भीतर है। नीतीश कुमार को अपनी भड़ास भाजपा पर नहीं निकालनी चाहिए।’ भाजपा के वरिष्ठ नेता ने कहा कि यह नीतीश कुमार से उम्मीद नहीं की जाती कि वह ऐसे ‘आधारहीन और बेतुके’ आरोप लगाएंगे जिसे भाजपा खारिज करती है। उन्होंने कहा कि यह आरोप पूरी तरह से आधारहीन है कि भाजपा विधायकों को लुभाने के लिए उन्हें पैसे और टिकट की पेशकश कर रही है।
उन्होंने कहा, ‘नीतीश कुमार ने भाजपा पर झूठा, आधारहीन और दुर्भावनापूर्ण आरोप लगाया है। उन्होंने किसी भी नेता का नाम लिये बिना प्रधानमंत्री और अमित शाह की आलोचना की है। हम इसे पूरी तरह से खारिज करते हैं। ये आधारहीन और झूठे आरोप हैं। नीतीश कुमार से ऐसे झूठे और आधारहीन आरोपों की उम्मीद नहीं की जाती जो मर्यादा और सत्यनिष्ठा की बात करते हैं।’ भाजपा प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने राज्यपाल केसरीनाथ त्रिपाठी के मांझी को 20 फरवरी को बहुमत साबित करने की इजाजत देने के निर्णय को सही बताया।