Home > Archived > तिघरा आने-जाने के लिए प्रशासन ने की व्यवस्था

तिघरा आने-जाने के लिए प्रशासन ने की व्यवस्था

ग्वालियर। ग्वालियर अंचल को पर्यटन क्षेत्र के रूप में पहचान दिलाने के उद्देश्य से आयोजित झील महोत्सव में सैलानियों के लिए जिला प्रशासन द्वारा वाहन व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। जिला प्रशासन ने कुल छह स्थान सुनिश्चित किए हैं, जहां से बसें पर्यटकों व सैलानियों को तिघरा जलाशय ले जाएंगी और वापस लेकर आएंगी।
ग्वालियर के जिलाधीश पी. नरहरि ने क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि वह 14 व 15 फरवरी को आयोजित होने जा रहे झील महोत्सव में विद्यार्थियों व सैलानियों को महोत्सव स्थल पर ले जाने के लिए 12 बसों की व्यवस्था सुनिश्चित करें। जानकारी के अनुसार छह बसें स्कूल व कॉलेज के छात्रों को, जबकि शेष छह बसें विभिन्न स्थानों से सैलानियों को लाने व ले जाने का काम करेंगी। बसें प्रात: 9 से शाम 6 बजे तक सैलानियों के आवागमन के लिए उपलब्ध रहेंगी। सैलानियों से न्यूनतम किराया लिया जाएगा।
ये रहेगा मार्ग
हजीरा से तिघरा जलाशय वाया मोतीझील, बाड़ा से तिघरा जलाशय वाया गोल पहाडिय़ा, बारादरी से तिघरा जलाशय वाया गोला का मंदिर, पुरानी छावनी से अटल द्वार, फूलबाग से तिघरा जलाशय वाया शिंदे की छावनी-नई सड़क-गोल पहाडिय़ा, बहोड़ापुर से तिघरा जलाशय वाया मोतीझील एवं ए.जी. आफिस से तिघरा जलाशय वाया आमखो-बस स्टैण्ड-सिंधी कालोनी।

Updated : 11 Feb 2015 12:00 AM GMT
Next Story
Top