Home > Archived > युवती से मिलने गया युवक इमारत से गिरा

युवती से मिलने गया युवक इमारत से गिरा

हालत गंभीर मामला संदिग्ध
ग्वालियर। घर से दूध लेने की कहकर निकला युवक ललितपुर कॉलोनी स्थित एक बहुमंजिला इमारत की चौथी मंजिल से गिर गया। गंभीर हालत में उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जाता है कि युवक मुम्बई में रहता है और टीवी कलाकार है, इन दिनों अपने घर पर आया हुआ है। मामला प्रेमप्रसंग का दिखाई दे रहा है। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
गुढ़ा में रहने वाला विवेक पुत्र भूरेसिंह सोलंकी मुम्बई में रहता है और टीवी धारावाहिकों में काम करता है। बुधवार शाम को अपने घर से सप्रेटा दूध लेने की कहकर निकला था। रात आठ बजे के करीब विवेक ललितपुर कॉलोनी में आकांक्षा अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से नीचे गिर कर गंभीर रूप से घायल हो गया। जिस फ्लेट से विवेक गिरा है, वह दीपक गुलाटी का है। यह फ्लैट उन्होंने दो लड़कियों को दे रखा है। उनके पास उनकी मित्रआईटीएम कॉलेज में पढऩे वाली दो छात्राएं सुरुचि पुत्री संजय गुप्ता हैलीपेड कॉलोनी और गुंजन पुत्री संदीप गुप्ता निवासी ओरछा आईं थीं। युवक के गिरने के बाद इनकी चीख-पुकार सुनकर कॉलोनी के लोग घरों से बाहर निकलकर आए और इन दोनों युवतियों के साथ आनन-फानन में विवेक को लेकर ट्रॉमा सेंटर पहुंचे।
विवेक अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से कैसे नीचे गिरा? उसको लेकर भ्रम की स्थिति बनी हुई है। सुरुचि और गुंजन भी पुलिस को बदल-बदल कर कहानी सुना रही हैं। बताया जाता है कि विवेक अपनी मित्र से मिलने के लिए अपार्टमेंट आया था। वह कैसे नीचे गिरा? उसको लेकर अलग-अलग बातें कही जा रही हैं।
विवेक के सिर में चोट लगी है और उसकी हालत गंभीर है। परिजन उसे दिल्ली ले जाने की तैयारी कर रहे हैं। कम्पू थाना पुलिस ने सुरुचि और गुजंन से पूछताछ कर मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
मेरे बेटे को पिटवाया है: प्रेमलता
विवेक की मां प्रेमलता सोलंकी ने बताया कि मेरे बेटे को सिर में सरिया मारा गया है। वह घर से तो दूध लेने की कहकर निकला था। इन लड़कियों ने सनी पंजाबी के साथ मिलकर कोई घटना कराने के लिए ही षडय़ंत्र रचा है। गांव से लौटी प्रेमलता का कहना है कि चार मंजिल से विवेक गिरता तो हाथ-पैरों में भी जरूर चोटें आतीं, लेकिन सिर में ही चोट लगी है। मेरे बेटे को मरवाने का प्लान था, इसकी जानकारी इन लड़कियों को होगी। मैं तो सुरुचि और गुंजन कौन हैं? यह भी नहीं जानती।
बॉक्सर है, इसलिए बालकनी से कूदा: सुरुचि
सुरुचि गुप्ता ने बताया कि विवेक हमें पढ़ाने के लिए आया था। इसके बाद हम अपने काम में लग गए। उसे अपने पापा की दवाई लेने के लिए जाना था, इसलिए वह जल्दी में था। विवेक बालकनी में खड़ा होकर बात कर रहा था। बॉक्सर होने के कारण उसने अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से ही छलांग लगा दी और उसका पाइप में पैर उलझ जाने के कारण वह सिर के बल नीचे गिर गया। सुरुचि की बात पुलिस के गले नहीं उतर रही है। फिलहाल पुलिस ने उसके बयान ले लिए हैं।
जिनको फ्लैट दिया था, वो छात्राएं बाजार में
फ्लेट के मालिक दीपक गुलाटी ने बताया कि कल ही दो छात्राओं को किराए पर फ्लैट दिया था। घटना उस समय हुई, जब वह दोनों छात्राऐं बाजार गई थीं, जबकि उनकी सहेली सुरुचि और गुंजन फ्लैट पर ही थीं। छात्राओं की सच्चाई जानने के लिए दीपक उन ठेले वालों के पास गए, जहां पर वह गई थीं।
एक कहानी यह भी
विवेक सोलंकी अपनी महिला मित्रों के पास मिलने आया था। जब वह फ्लैट पर पहुंचा तो दरवाजा नहीं खुलने पर वह पाइप के रास्ते फ्लैट में पहुंचने का प्रयास कर रहा था तभी हादसे का शिकार हो गया। मामला प्रेम प्रसंग का लग रहा है और छात्रा सुरुचि विवेक की मित्र बताई गई है। सुरुचि पुलिस को जो कहानी सुना रही है, वह किसी के गले नहीं उतर रही है।

Updated : 3 Dec 2015 12:00 AM GMT
Next Story
Top