Home > Archived > राज्य सरकार पर बरसे हड़ताली कर्मचारी

राज्य सरकार पर बरसे हड़ताली कर्मचारी

आज भी कर्मचारी हड़ताल पर रहकर जिलाधिकारी को सौंपेंगे ज्ञापन

झांसी। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद उत्तरप्रदेश के तत्वावधान में आज राज्य कर्मचारियों ने कचहरी चौराहा स्थित गांधी प्रतिमा के समक्ष पार्क में धरना दिया व राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध व्यक्त किया। सभा की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अखिलेश मिश्रा ने की। इस अवसर पर राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद उत्तरप्रदेश के उपमहामंत्री श्यामसुंदर तिवारी ने कहा कि सितंबर 2013 में परिषद द्वारा आहूत अनिश्चितकालीन हड़ताल को उच्च न्यायालय द्वारा राज्य सरकार को चार मांगों पर तत्काल आदेश जारी करने के निर्देश देते हुए समाप्त कराया गया था। परंतु राज्य सरकार ने आज तक उन मांगों के संबंध में कोई शासनादेश जारी नहीं किए, इसलिए राज्य कर्मचारियों को मजबूर होकर आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।
इंजीनियर विवेक तिवारी ने कहा कि राज्य कर्मचारियों की सबसे पुरानी मांग केन्द्रीय कर्मचारियों की भांति समस्त भत्तें की समानता के संबंध में है। जिस पर राज्य सरकार लगातार अपनी हठधर्मिता अपनाए हुए है और प्रदेश के कर्मचारियों की भावनाओं को अनदेखा कर रही है। उन्होंने कहा कि इसी प्रकार नई पेंशन व्यवस्था को समाप्त करते हुए पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल किए जाने की मांग पर भी राज्य सरकार द्वारा कोई सकारात्मक रवैया नहीं अपनाया जा रहा है, इससे कर्मचारियों में भारी रोष है। सभा में सिंचाई विभाग से मिथलेश द्विवेदी ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा छठवें वेतन आयोग में लंबित वेतन विसंगतियों को आज तक दूर नहीं किया गया है। इसके अलावा कैश लेश चिकित्सा प्रतिपूर्ति की मांग पर भी कोई सहमति व्यक्त नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि इससे स्पष्ट है कि राज्य सरकार कर्मचारियों की मांगों के प्रति संवेदनशील नहीं है। वरिष्ठ कर्मचारी नेता इंजीनियर सुधीर कौशिक ने कहा कि कर्मचारियों की प्रवेश उम्र में सरकार द्वारा वृद्धि की गई है, जिसके फलस्वरूप सरकार को कर्मचारियों को मिलने वाले प्रोन्नति वेतनमान, ग्रेड पे की निर्धारित सीमा को घटाकर सात, चौदह व बीस वर्ष किया जाए। उन्होंने कहा कि निजीकरण, आउटसोर्सिंग एवं ठेकेदारी व्यवस्था पूर्णत: समाप्त की जाए। इंजीनियर सी. पी. गुप्ता व एलके पुरोहित ने प्रदेश सरकार को चेताते हुए कहा कि सरकार ने यदि कर्मचारियों की मांगों के प्रति अपनी हठधर्मिता नहीं छोड़ी तो 23 फरवरी 2016 से पूरे प्रदेश के राज्य कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे, जिसका उततरदायित्व राज्य सरकार का होगा। शिक्षा विभाग के मंडलीय मंत्री श्रीकृष्ण व्यास व रामकुमार गुप्ता कृषि विभाग ने कहा कि फील्ड कर्मचारियों को सौ रुपए साइकिल भत्ते के स्थान पर मोटरसाइकिल भत्ता दिया जाए तथा प्रदेश में तृतीय श्रेणी कर्मचारियों के 60 प्रतिशत रिक्त चल रहे पदों पर शीघ्र भर्ती की जाए। सभा में संतोष गौतम व संजय चौहान ने कहा कि 23 दिसंबर को भी कलम बंद हड़ताल रहेगी तथा कर्मचारी गांधी प्रतिमा पार्क पर उपस्थित होकर जिलाधिकारी को ज्ञापन देने जाएंगे।
इस अवसर पर डी. पी. सिंह गौर, आर. के. रायकवार, शिवाकांत द्विवेदी, शिवनाथ सिंह, सलिल समैया, इंजीनियर शिवरंजन द्विवेदी, इंजीनियर विनोद खरे, जेके सिंह, संजय चौबे, रामसनेही वर्मा, वीके पचौरी, एसके नायक, ब्रह्मानंद तिवारी, अभिषेक राजपूत, दयाराम वर्मा, आशुतोष तिवारी, अजय सक्सेना, आशुतोष कुमार, बालकिशन आदि ने संबोधित किया। संचालन भगवान दास कुशवाहा ने किया। वरिष्ठ उपाध्यक्ष सचेत शुक्ला व रामकुमार गुप्ता ने आभार व्यक्त किया।

Updated : 23 Dec 2015 12:00 AM GMT
Next Story
Top