असम दौरे पर मुख्य चुनाव आयुक्त

नई दिल्ली। मुख्य चुनाव आयुक्त डॉ. नसीम जैदी असम में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों का जायजा लेने के लिए असम के दौरे पर हैं। बताया जा रहा है कि उनके साथ दोनों चुनाव आयुक्त ए के जोती और ओ पी रावत भी है।
सूत्रों के मुताबिक अगले साल अप्रैल 2016 में असम में होने वाले विधानसभा चुनाव की प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां शुरु हो गई हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त का असम दौरा इसका ही संकेत है। अपने असम दौरे में मुख्य चुनाव आयुक्त सभी जिलों के प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की बैठक लेंगे। साथ ही वो राज्य के हर उस विभाग के प्रमुख अधिकारियों से मिलेंगे, जिनकी अप्रैल में होने वाले विधानसभा चुनाव में जरुरत होगी। इतना ही नहीं मुख्य चुनाव आयुक्त राज्य के सभी प्रमुख राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात करेंगे।
जानकारी हो कि असम में अप्रैल, 2016 में विधानसभा चुनाव होने हैं। 126 सीटों वाली असम विधानसभा में फिलहाल कांग्रेस बहुमत की सरकार है। वहीं बीजेपी ने भी इस बार असम विधानसभा चुनाव में बहुमत पाने के लिए कमर कस ली है। हाल ही में पार्टी ने केंद्र सरकार में खेल एवं युवा मामलों के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) सर्वानंद सोनोवाल को असम में पार्टी का अध्यक्ष बनाया है। अंर्तकलह से जूझ रही असम कांग्रेस के दिग्गज नेता हाल ही में अपने साथी विधायकों एवं हजारों समर्थकों के साथ बीजेपी में शामिल हुए हैं।
